बिहारः प्रेमी युगल को रंगेहाथ पकड़ दबंगों ने खूंटे में बांधकर जानवरों की तरह पीटा, देखें वायरल वीडियो
सुपौल। बिहार के सुपौल जिले में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रेमी युगल को खूंटे से बांधकर बुरी तरह से पीटा गया। यह पूरा मामला जदिया थाना क्षेत्र के एक गांव का है। इस जघन्य कृत्य का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कुछ लोग प्रेमी और प्रेमिका को खूंटे से बांधकर पीट रहे हैं।

पीड़िता ने कुछ भी बताने से किया इनकार
वीडियो वायरल होने पर पुलिस सजग हुई और पीड़िता से पूछताछ की लेकिन बताया जा रहा है कि महिला ने कुछ भी बताने से मना कर दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो से पता चला है कि महिला ने अपने प्रेमी को मिलने के लिए बुलाया था।

प्रेमी युगल के साथ जानवरों की तरह बर्ताव
इसी दौरान ग्रामीणों ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद दबंग ने महिला और उसके प्रेमी को खूंटे से बांधकर उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी। महिला के मुताबिक दोनों एक-दूसरे से प्यार करते हैं। गांव के कुछ दबंगों ने दोनों को अलग-अलग खूंटे से बांधकर पीट दिया।

पुलिस ने कहा जल्द होगी कार्रवाई
वीडियो में दबंग युवक महिला को बेरहमी से पीट रहा है और महिला रहम की भीख मांग रही है। हालांकि इस दौरान उन्हें बचाने कोई भी सामने नहीं आया। इस मामले में जदिया थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि वीडियो वायरल होने पर उन्होंने महिला के पास जाकर पूछताछ की है। महिला कुछ भी बताने को तैयार नहीं है। उन्होंने दावा किया है कि जल्द ही इस मामले में वो कार्रवाई करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications