Bihar School Closed: ठंड ने बढ़ाई टेंशन, बिहार में 8 जनवरी तक स्कूल बंद, 9वीं–12वीं का बदला टाइमटेबल, हर अपडेट
Bihar School Closed News Today: बिहार में इस वक्त ठंड ने अपना सबसे कड़ा रूप दिखाना शुरू कर दिया है। सुबह-शाम घना कोहरा, बर्फ जैसी ठंडी हवाएं और लगातार गिरता तापमान बच्चों की सेहत पर सीधा असर डाल रहा है।
इसी को देखते हुए राज्य के कई जिलों में जिला प्रशासन ने स्कूलों को लेकर बड़े और जरूरी फैसले लिए हैं। पटना से लेकर कटिहार और रोहतास तक, बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूल बंद करने और समय बदलने के आदेश जारी किए गए हैं।

पटना में 8 जनवरी तक स्कूल बंद, 9 से 12वीं के लिए नया समय (Patna School Closed)
राजधानी पटना में हालात को देखते हुए जिला मजिस्ट्रेट डॉ. थियागराजन एस.एम. ने सख्त आदेश जारी किया है। आदेश के मुताबिक 4 जनवरी 2026 से 8 जनवरी 2026 तक नर्सरी से लेकर कक्षा 8वीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूल, प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र पूरी तरह बंद रहेंगे।
यह फैसला भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत लिया गया है। प्रशासन का साफ कहना है कि छोटे बच्चे ठंड के प्रति ज्यादा संवेदनशील होते हैं और ऐसी स्थिति में उन्हें स्कूल भेजना जोखिम भरा हो सकता है।
हालांकि 9वीं से 12वीं तक के छात्रों की पढ़ाई पूरी तरह बंद नहीं की गई है। इन कक्षाओं के लिए नया टाइम-टेबल लागू किया गया है। अब स्कूल सुबह 10:30 बजे से पहले नहीं खुलेंगे और दोपहर 3:30 बजे तक हर हाल में बंद कर दिए जाएंगे। स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए गए हैं कि कक्षाओं के दौरान ठंड से बचाव के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जाएं।
पटना में स्कूल कब खुलेंगे, क्या छुट्टियां बढ़ेंगी
पटना जिले में जारी आदेश के मुताबिक 9 जनवरी से स्कूल खुलने की संभावना है। हालांकि प्रशासन ने यह भी साफ किया है कि अगर मौसम में सुधार नहीं होता है, तो छुट्टियों को आगे बढ़ाया जा सकता है। इसलिए अभिभावकों को सलाह दी गई है कि बच्चों को स्कूल भेजने से पहले स्कूल प्रशासन से जानकारी जरूर ले लें।
कटिहार में 6 जनवरी तक स्कूल बंद
कटिहार जिले में भी ठंड को देखते हुए बड़ा फैसला लिया गया है। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने आदेश जारी कर कक्षा 5वीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों, प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों को 6 जनवरी तक बंद रखने का निर्देश दिया है। प्रशासन का कहना है कि लगातार कम तापमान छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल सकता है।
कक्षा 6वीं से ऊपर के छात्रों के लिए स्कूल पूरी तरह बंद नहीं होंगे, लेकिन उनका समय तय कर दिया गया है। इन कक्षाओं का संचालन सुबह 10 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक ही किया जा सकेगा।
रोहतास में भी बदला शेड्यूल
रोहतास जिले में भी ठंड का असर साफ दिख रहा है। यहां जिला प्रशासन ने आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ-साथ कक्षा 8वीं तक के सभी सरकारी, निजी स्कूलों और कोचिंग संस्थानों को 5 जनवरी तक बंद रखने का आदेश दिया है। कक्षा 9वीं से 12वीं तक की पढ़ाई सुबह 10 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि अगर मौसम में सुधार नहीं हुआ, तो यह फैसला आगे भी बढ़ाया जा सकता है।
बोर्ड परीक्षा पर नहीं पड़ेगा असर
छात्रों और अभिभावकों के लिए राहत की बात यह है कि बोर्ड और प्री-बोर्ड परीक्षाओं को इन आदेशों से बाहर रखा गया है। 10वीं और 12वीं के छात्रों की विशेष कक्षाएं और तय परीक्षाएं पहले की तरह चलती रहेंगी। जिला शिक्षा अधिकारी को यह जिम्मेदारी दी गई है कि कोई भी स्कूल आदेश का उल्लंघन न करे। नियम तोड़ने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
आंगनबाड़ी और प्रशासनिक काम जारी
आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों को गर्म भोजन देने के लिए दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक खोले जाने का निर्देश दिया गया है। स्कूलों और संस्थानों के प्रशासनिक कार्य सामान्य रूप से चलते रहेंगे, लेकिन पढ़ाई से जुड़ी गतिविधियां आदेश के अनुसार ही होंगी। कुल मिलाकर, बिहार में कड़ाके की ठंड ने बच्चों की पढ़ाई की रफ्तार जरूर धीमी की है, लेकिन प्रशासन का फोकस साफ है - पहले बच्चों की सेहत, फिर पढ़ाई।












Click it and Unblock the Notifications