Bihar में फिर शुरू हुआ पोस्टर पॉलिटिक्स! पटना में लगे चिराग के पोस्टर, क्या BJP के 'हनुमान' बनेंगे नए CM
Bihar Politics: बिहार की सियासत में एक बार फिर 'खेला' होने के संकेत मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चाओं और उनके इस्तीफे की खबरों ने सूबे के राजनीतिक गलियारों में तूफान ला दिया है। लेकिन असली हलचल चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रामविलास) के कार्यकर्ताओं ने पैदा की है।
राजनीतिक धटनाओं के बीच बड़ा धमाका पटना की सड़कों पर हुआ है, जहां चिराग पासवान को बिहार के अगले मुख्यमंत्री के रूप में प्रोजेक्ट करने वाले पोस्टरों ने एनडीए (NDA) के अंदर की दरार को उजागर कर दिया है।

भले ही बीजेपी अपनी सहयोगी पार्टियां के साथ अपने आपसी संबंध ठीक होने के दावे करती रहती हैं लेकिन बिहार में चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रामविलास) के कार्यकर्ताओं ने साफ संदेश दे दिया है कि गठबंधन के सरकार के बीच कुछ ठीक नहीं है। पटना में बीजेपी दफ्तर और विधानसभा के बाहर लगे पोस्टरों ने साफ कर दिया है कि चिराग अब 'किंगमेकर' नहीं, बल्कि 'किंग' बनने की तैयारी में हैं।
Nitish Kumar resignation Bihar CM: नीतीश कुमार का 'एग्जिट प्लान' से बिहार में हलचल
74 वर्षीय नीतीश कुमार, जो पिछले दो दशकों से बिहार की सत्ता के केंद्र रहे हैं, अब दिल्ली की राजनीति की ओर रुख कर सकते हैं। नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल कर चुके हैं।
नीतीश कुमार ने खुद कहा है कि उनकी इच्छा संसद के दोनों सदनों (लोकसभा और राज्यसभा) और राज्य विधानमंडल के दोनों सदनों (विधानसभा और विधानपरिषद) का सदस्य बनने की रही है। राज्यसभा जाते ही वह यह 'क्विटेट' (Quartet) पूरा करने वाले विरले नेता बन जाएंगे।
Chirag Paswan next Bihar CM posters: पटना की सड़कों पर 'चिराग' का दबदबा
नीतीश के जाते ही बिहार की कुर्सी के लिए दावेदारों की लंबी लिस्ट सामने आ गई है, लेकिन चिराग पासवान के समर्थकों ने सबसे पहले अपनी दावेदारी ठोक दी है। पटना में लगे पोस्टरों पर बड़े अक्षरों में लिखा है- 'न दंगा हो न फसाद हो, बिहार का मुख्यमंत्री सिर्फ चिराग हो' और 'बिहार मांगे चिराग'। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि बिहार को अब एक युवा और विजनरी मुख्यमंत्री की जरूरत है, और चिराग पासवान प्रधानमंत्री मोदी के 'हनुमान' के रूप में इस पद के सबसे योग्य उम्मीदवार हैं।
BJP JDU split Rumor: बिहार एनडीए सरकार में फूट के संकेत?
चिराग पासवान के इन पोस्टरों ने बीजेपी और जदयू के बीच भी असहजता पैदा कर दी है। बीजेपी के अंदर सम्राट चौधरी और नित्यानंद राय के नामों की चर्चा तेज है। बीजेपी के कई नेता मान रहे हैं कि चूंकि वे राज्य में सबसे बड़ी पार्टी हैं, इसलिए मुख्यमंत्री उनका होना चाहिए। हालांकि खुद चिराग पासवान ने आधिकारिक तौर पर कोई बयान नहीं दिया है और नीतीश कुमार के नेतृत्व पर भरोसा जताया है, लेकिन उनके कार्यकर्ताओं की मांग ने एनडीए के भीतर सीट शेयरिंग और पावर शेयरिंग के नए संघर्ष को जन्म दे दिया है।
विपक्ष की नजर- बिहार में हुआ 'महाराष्ट्र' वाला खेल
विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने इस पूरे घटनाक्रम पर चुटकी लेते हुए कहा है कि बीजेपी ने बिहार में 'महाराष्ट्र मॉडल' लागू कर दिया है और नीतीश कुमार को किनारे लगा दिया गया है। विपक्ष अब इस अंतर्विरोध का फायदा उठाने की फिराक में है। बिहार में फिलहाल नेतृत्व परिवर्तन की पटकथा लिखी जा रही है।
अगर नीतीश कुमार केंद्र में जाते हैं, तो क्या बीजेपी चिराग पासवान जैसे 'क्राउड पुलर' नेता पर दांव लगाएगी या किसी अपने कैडर के चेहरे को आगे करेगी? यह देखना दिलचस्प होगा। फिलहाल, पटना के पोस्टर बता रहे हैं कि बिहार की राजनीति अब 'सॉफ्ट' नहीं, बल्कि 'हार्डकोर' शक्ति प्रदर्शन की दिशा में बढ़ रही है।












Click it and Unblock the Notifications