Bihar Politics: मिशन 2024 को लेकर कांग्रेस ने तैयार किया चुनावी प्लान, जानिए क्या है तैयारी
Bihar Politics: मिशन 2024 को लेकर कांग्रेस ने बिहार में पार्टी की सियासी ज़मीन मज़बूत करने में जुट गई है। बिहार में जीत दर्ज करने के लिए कांग्रेस ने चुनावी प्लान तैयार किया है। इसी क्रम में कांग्रेस ने प्रदेश की सभी 40 सीटों पर बूथ स्तर पर संगठन को मज़बूत करने की क़वायद तेज़ कर दी है।
'इंडिया गठबंधन' के तहत सीट बंटवारे के बाद संबंधित सीटों पर जो भी उम्मीदवार उतरे उसकी जीत सुनिश्चित हो सके। इसलिए कांग्रेस अपनी पुरानी रणनीति पर ज़ोर दे रही है। इस बाबत प्रदेश स्तर पर दिग्गज नेता और कार्यकर्ता लगातार राजनीतिक कार्यक्रमों का आयोजन कर रहे हैं।

बिहार में कांग्रेस की सियासी पकड़ मज़बूत हो सके इसलिए पार्टी के आलाकमान की भी बैठक दिसंबर के अंत तक होने की उम्मीद जताई जा रही है। आपको बता दें कि आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनज़र बिहार कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह लगातार विभिन्न ज़िलों में दौरे कर रहे हैं।
कांग्रेस के स्थापना दिवस को ख़ास बनाने के लिए भी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसके साथ ही केंद्र की भाजपा सरकार के ख़िलाफ़ चुनावी रणनीति भी तैयार की जा रही है। कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहम खान ने वन इंडिया हिंदी से बात करते हुए कहा कि, कांग्रेस पिछली बार के मुकाबले इस बार काफी मज़बूत स्थिति में है।
शकील अहमद खान ने कहा कि जनता के मूड से यह ज़ाहिर हो गया है कि केंद्र में भाजपा की सरकार नहीं बन रही है। डर तो बस भाजपा के तंत्र से लगता है, जोड़ तोड़ की सियासत कर सरकार बनाने की कोशिश होती है। जहां कांग्रेस जीत गई, वहां भी भाजपा ने अपने तंत्र से कांग्रेस को हराया।
कांग्रेस को भाजपा जनाधार से हरा ही नहीं सकती है। अपने तंत्र के ज़रिए भाजपा जीत हासिल करने में कामयाब हो जाती है। महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोज़गारी से जनता त्रस्त हो चुकी है। अब देश की जनता केंद्र में भाजपा की सरकार नहीं चाहती है। 2024 के चुनाव में भाजपा को उसकी हक़ीकत पता चल जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications