सम्राट चौधरी या विजय सिन्हा? बिहार के दोनों डिप्टी CM में कौन ज्यादा अमीर? कहां से होती है छप्परफाड़ कमाई
Bihar Politicians Net Worth: बिहार विधानसभा चुनाव अब बिल्कुल नजदीक हैं और जैसे-जैसे तारीखें पास आ रही हैं, वैसे-वैसे नेताओं की राजनीतिक बयानबाजी से लेकर उनकी संपत्ति तक चर्चा का बड़ा मुद्दा बन गई है। बिहार एक ऐसा राज्य है, जो अक्सर विकास सूचकांकों में पिछड़ेपन के लिए सुर्खियों में रहता है, लेकिन यहां के नेताओं की संपत्ति किसी बड़े राज्य के नेताओं से कम नहीं। चुनावी मौसम आते ही हर किसी की नजर इस बात पर टिक जाती है कि जिन नेताओं को जनता वोट देकर सत्ता सौंपती है, उनके पास आखिर कितनी संपत्ति है और वे कितने अमीर हैं।
इसी कड़ी में वनइंडिया हिंदी लेकर आया है एक खास सीरिज-'नेताओं की संपत्ति'। इस सीरिज में हम आपको बताएंगे नेताओं की लाइफस्टाइल और उनकी घोषित संपत्ति के बारे में। इस लेख में जानेंगे बिहार के दो डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी (Samrat Choudhary) और विजय सिन्हा (Vijay Sinha) की संपत्ति के बारे में, जो इस चुनावी माहौल में खूब चर्चा में है। आंकड़े बताते हैं कि दोनों ही नेता करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं। (Samrat Choudhary Vijay Sinha Net Worth)

▶️ Samrat Choudhary Net Worth: सम्राट चौधरी की कुल संपत्ति
🔹 बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के पास करोड़ों की जमीन और कई तरह के निवेश हैं। सम्राट चौधरी की कुल संपत्ति 8 करोड़ रुपये से ज्यादा की है।
🔹 माई नेता वेबसाइट के मुताबिक, उनके पास करीब 1.32 करोड़ रुपये की कृषि भूमि, 5.21 करोड़ रुपये की नॉन-एग्रीकल्चर जमीन और 1.40 करोड़ रुपये की कमर्शियल प्रॉपर्टी है। यानी अकेले जमीन-जायदाद की कीमत ही करीब 7.94 करोड़ रुपये बैठती है।
🔹 इसके अलावा सम्राट चौधरी ने SBI और HDFC जैसे बैंकों में 16.69 लाख रुपये जमा कर रखे हैं। बीमा पॉलिसियों में भी उनका खासा निवेश है-एलआईसी और अन्य पॉलिसियों में कुल 31.07 लाख रुपये।
🔹 सोने-चांदी में भी सम्राट चौधरी पीछे नहीं हैं। उनके पास लगभग 17 लाख रुपये के गहने हैं, जिनमें सिर्फ 400 ग्राम सोना ही 12 लाख रुपये का है।
🔹 इतना ही नहीं, सम्राट चौधरी ने पीपीएफ और सुकन्या समृद्धि योजना जैसी सरकारी योजनाओं में भी पैसा लगाया है। पीपीएफ में 4.58 लाख रुपये, जबकि सुकन्या समृद्धि में 6 लाख रुपये निवेशित हैं। इसके साथ ही उन्होंने फ्रैंकलिन इंडिया इक्विटी फंड (2.60 लाख), HDFC मिडकैप (2.60 लाख) और निप्पॉन इंडिया रिटायरमेंट फंड (5.20 लाख) जैसे म्यूचुअल फंड्स में भी निवेश किया है।
🔹 हालांकि, उनकी इस संपत्ति के साथ कर्ज भी जुड़ा हुआ है। सम्राट चौधरी पर SBI का करीब 68 लाख रुपये का होम लोन है। सम्राट चौधरी की कमाई उनकी विधायक वाली सैलरी और निवेश से होती है।

▶️ Vijay Sinha Net Worth: विजय कुमार सिन्हा की कुल संपत्ति?
🔹 दूसरे डिप्टी सीएम विजय सिन्हा, जो बंकीपुर विधानसभा से आते हैं, उनकी संपत्ति भी किसी बड़े कारोबारी से कम नहीं। आंकड़ों के मुताबिक, उनके पास कुल 8.93 करोड़ रुपये की जमीन और अन्य संपत्तियां हैं।
🔹 परिवार के बैंक खातों में 70.80 लाख रुपये, जबकि उनके पास नकद 1.10 लाख रुपये हैं। जमीन-जायदाद की बात करें तो एग्रीकल्चर, नॉन-एग्रीकल्चर और रिहायशी मिलाकर उनकी कुल संपत्ति 7.15 करोड़ रुपये है।
🔹 विजय सिन्हा का शेयर बाजार में भी अच्छा खासा पोर्टफोलियो है। उन्होंने त्रिभुवन डेवलपमेंट अथॉरिटी, पावरग्रिड, शिवा बॉयोजेनेटिक और भवानी त्रिभुवन जैसी कंपनियों में निवेश कर रखा है। इन शेयरों की कीमत करीब 38.30 लाख रुपये बताई जा रही है।
🔹 लग्जरी गाड़ियों के शौकीन विजय सिन्हा के पास 14.47 लाख रुपये की तीन गाड़ियां हैं। वहीं उनके पास 22.75 लाख रुपये की सोने की ज्वेलरी भी है। हालांकि, उनकी इस संपत्ति के बीच एक कर्ज भी है-सिन्हा पर करीब 22.65 लाख रुपये का लोन दर्ज है। विजय सिन्हा की कमाई भी उनकी विधायक वाली सैलरी और निवेश से होती है।

▶️ सम्राट चौधरी या विजय सिन्हा में से कौन ज्यादा अमीर?
सम्राट चौधरी या विजय सिन्हा की संपत्ति लगभग बराबर है। सम्राट चौधरी की कुल संपत्ति 8.85 लाख रुपये और विजय सिन्हा की कुल संपत्ति 8 करोड़ 93 लाख रुपये है। कुछ लाख रुपये की संपत्ति विजय सिन्हा की ज्यादा है। हालांकि गाड़ियों के मामले में भी विजय सिन्हा का पलड़ा भारी लग रहा है।

चुनाव से ठीक पहले नेताओं की संपत्ति पर चर्चा होना कोई नई बात नहीं। लेकिन इस बार मामला इसलिए खास है क्योंकि बिहार के दोनों डिप्टी सीएम ही करोड़ों की दौलत के मालिक हैं। एक ओर सम्राट चौधरी जिनकी जमीन-जायदाद और निवेश का जाल फैला हुआ है, तो दूसरी ओर विजय सिन्हा जिनके पास न केवल जमीन और कैश है बल्कि शेयर बाजार और लग्जरी गाड़ियों का भी मजबूत पोर्टफोलियो है।












Click it and Unblock the Notifications