बिहार पंचायत चुनाव 2021: बिहार की सबसे युवा मुखिया बनीं 21 वर्षीय अनुष्का, बेंगलुरू से की पढ़ाई
पटना। वैसे तो आमतौर हम सभी राजनीति में पुराने चेहरों को ज्यादा देखते हैं और शायद यही लोकतंत्र का सबसे बड़ा उदाहरण है कि कोई भी राजनीति में एंट्री ले सकता है। उसके लिए आपका बैकग्राउंड या एकेडमिक इतिहास जरूरी नहीं है। शायदी इन्हीं वजहों से कई बार राजनीति में वो लोग भी आ जाते हैं, जिन्हें ढंग से पढ़ना-लिखना नहीं आता लेकिन अब समय बदल रहा है। लोग अपने लिए पढ़े-लिखे जनप्रतिनिधि ढूंढ रहे हैं और इसकी सबसे बड़ी मिसाल बनी हैं बिहार के शिवहर जिले के शिवहर प्रखंड के कुशहर पंचायत की नवनिर्वाचित मुख्या अनुष्का कुमारी।

अपने प्रतिद्वंदी को 287 वोटों से हराया
अनुष्का ने बिहार में अब तक के सबसे कम उम्र की मुखिया बनने का रिकॉर्ड बनाया है। अनुष्का महज 21 साल की हैं। उन्होंने मुखिया पद के चुनाव में अपने प्रतिद्वंदी को 287 वोटों से हराया है। अनुष्का को चुनाव में 2625 मत प्राप्त हुए हैं। जबकि दूसरे नंबर पर रहीं रीता देवी को 2338 वोट मिला है। अनुष्का ने अपनी जीत का श्रेय जनता को दिया है। अनुष्का ने अपनी पढ़ाई बेंगलुरू से की है और इसके बाद उन्होंने शिवहर आकर पंचायत का चुनाव लड़ा।

बेंगलुरू में रहकर करती थीं पढ़ाई ।
अनुष्का से जब पत्रकारों ने बातचीत की तो उन्होंने बताया है कि क्षेत्र में काफी समस्याएं हैं। इन समस्याओं और भ्रष्टाचार को दूर करने को लेकर वो पंचायत चुनाव लड़ी थीं। पंचायत की जनता ने जो भरोसा करके जिताया है उसे कभी मैं टूटने नहीं दूंगी। वो बेंगलुरू में रहकर पढ़ाई करती थीं।

अपने दादा को आदर्श मानती हैं
अनुष्का ने हिस्ट्री ऑनर्स से बैचलर डिग्री हासिल की है और आगे भी पढ़ाई जारी रखना चाहती हैं। अनुष्का ने कहा कि जिस क्षेत्र में आप काम करते हैं उस क्षेत्र में कड़ी मेहनत और लगन के साथ काम करना चाहिए। सफलता के पीछे आप नहीं बल्कि सफलता आपके पीछे रहेगी। 21 वर्षीय मुखिया अनुष्का अपने दादा को आदर्श मानती हैं। अनुष्का कुमारी पूर्व जिला परिषद सदस्य सुनील सिंह की पुत्री हैं।












Click it and Unblock the Notifications