Bihar News: बिहार चुनाव के दूसरे चरण के लिए नामांकन वापसी का आज आखिरी दिन
Bihar Election News Today, (23 October 2025): बिहार की राजनीति (Bihar Politics) से लेकर गवर्नमेंट (Government) के बड़े फैसलों तक, विकास योजनाओं (Vikas Yojana) से लेकर जनता से जुड़े कार्यक्रमों तक- आज बिहार (Bihar Latest News) में क्या कुछ नया हो रहा है। पटना से लेकर गयाजी तक हर बड़ा अपडेट (Bihar Update) आपको यहां मिलेगा।
दूसरे चरण के नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि आज
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 23 अक्तूबर है। इस चरण में 20 जिलों के एक सौ बाइस (122) निर्वाचन क्षेत्रों में ग्यारह नवंबर को मतदान होगा। नामांकन पत्रों की जांच के दौरान, कैमूर जिले के मोहनिया (सुरक्षित) निर्वाचन क्षेत्र से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की उम्मीदवार श्वेता सुमन का नामांकन पत्र आज रद्द कर दिया गया। यह कार्रवाई उनका अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र अवैध पाए जाने के कारण की गई।

इसी प्रकार, पश्चिमी चंपारण जिले के वाल्मीकिनगर विधानसभा क्षेत्र से जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार दृग नारायण प्रसाद का नामांकन पत्र भी रद्द हुआ। उन्होंने नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले अपने सरकारी शिक्षक पद से इस्तीफा नहीं दिया था, जो इसका कारण बना। इन दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में दूसरे चरण में ही मतदान होना है।
दूसरे चरण में सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण जिलों में मतदान होगा। इसके अतिरिक्त, रोहतास और कैमूर सहित शाहाबाद क्षेत्र के कई जिलों और औरंगाबाद, नवादा, जहानाबाद और अरवल सहित मगध क्षेत्र के कई जिलों में भी वोट डाले जाएंगे। सीमांचल क्षेत्र के अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार जिलों के साथ-साथ भागलपुर, बांका, जमुई और सुपौल में भी इसी चरण में मतदान होगा।
पीएम मोदी, शाह और नड्डा करेंगे ताबड़तोड़ रैलियां
बिहार विधानसभा चुनाव के बीच भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के शीर्ष नेताओं का धुआंधार प्रचार अभियान शुरू होने जा रहा है।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का आज दौरा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा गुरुवार, 23 अक्टूबर को बिहार में दो चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। बिहार भाजपा की ओर से बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार, नड्डा औरंगाबाद जिले के गोह और वैशाली जिले के पातेपुर में जनसभाएं करेंगे और एनडीए प्रत्याशियों के लिए वोट मांगेंगे।
पीएम मोदी और अमित शाह की शुक्रवार को रैलियां
इसके अगले दिन, शुक्रवार 24 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की विभिन्न जिलों में दो-दो चुनावी रैलियां प्रस्तावित हैं।
पीएम मोदी 24 अक्टूबर को समस्तीपुर और बेगूसराय में भाजपा की चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे।
अमित शाह की इसी दिन सीवान और बक्सर में जनसभाएं प्रस्तावित हैं। शाह इससे पहले 17 अक्टूबर को छपरा के तरैया में एक रैली कर चुके हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, बीजेपी ने विधानसभा चुनाव के दौरान पीएम मोदी की बिहार में 10 से ज्यादा जगहों पर सभाएं कराने का प्लान बनाया है। 24 अक्टूबर के बाद, पीएम मोदी की अगली रैलियां 30 अक्टूबर को मुजफ्फरपुर और छपरा में प्रस्तावित हैं।












Click it and Unblock the Notifications