Bihar News: नए साल पर बिजली उपभोक्ताओं को लग सकता है मंहगाई का झटका, जानिए मामला
Bihar News, Electricity Bill Update: बिहार में आगामी चुनाव के मद्देनज़र महंगाई और भ्रष्टाचार को लेकर पक्ष विपक्ष के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है। विपक्षी दल के नेता प्रदेश सरकार को घेर रहे हैं, वहीं महगठबंधन सरकार नेता भाजपा सरकार की नाकामी गिना रहे हैं। सियासी बयानबाज़ी के बीच प्रदेश में बिजली बिल बढ़ोत्तरी को लेकर अलग ही बहस छिड़ गई है।
नये साल में बिहार के बिजली उपभोक्ताओं को महंगाई का करंट लग सकता है। मिली जानकारी के मुताबिक 1 अप्रैल 2024 से प्रदेश में बिजली 4.38 फ़ीसद महंगी हो सकती है। इस बाबत बिहार विद्युत विनियामक आयोग को बिजली कंपनियों की तरफ़ से याचिका सौंपी गई है।

बिजली कंपनी ने पिछले कई सालों की तर्ज़ पर रिपोर्ट तैयार करते हुए बिजली अनुदानरहित याचिका दायर किया है। इसके तहत फिक्सड चार्ज में किसी तरह की बढ़ोत्तरी नहीं करने का प्रस्ताव दिया है। ग़ौरतलब है कि कंपनी की याचिका पर विनियामक आयोग जनसुनवाई के बाद ही नई दर तय करेगा।
हर साल 15 नवंबर को आयोग को बिजली कंपनी की तरफ़ से बिजली रेट का प्रस्ताव सौंपा जाता रहा है। इस बाबत ट्रांसमिशन कंपनी की तरफ़ से BSPTCL, BGCL और SLDC (बिहार राज्य पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड, बिहार ग्रिड कंपनी लिमिटेड, स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर) ने अपनी तरफ़ से याचिका दायर की है।
आपको बता दें कि नॉर्थ बिहार पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड और साउथ बिहार पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड ने घरेलू, व्यवसायिक और औद्योगिक श्रेणी के लिए अलग-अलग बिजली दर तय करने की याचिका दायर की है।
बिजली आपूर्ति के खर्च में इज़ाफ़ा का अनुमान लगाते हुए कहा गया है कि 34 हज़ार 862 करोड़ रूपये वित्तीय वर्ष 2024-2025 में कंपनी के ख़र्च हो सकते हैं। मौजूदा समय में जो बिजली दर है, उससे कंपनी को सिर्फ़ 34 हज़ार 266 करोड़ की ही आमदनी होगी। इस हिसाब से कंपनी को 596 करोड़ का फ़र्क झेलना पड़ेगा।
वित्तीय वर्ष 2023-2024 में 441 करोड़ 18 लाख रुपये का फ़र्क आएगा। इस हिसाब से कुल 1 हज़ार 37 करोड़ 18 लाख रुपये का फर्क आएगा। इस फ़र्क को पूरा करने के लिए बिजली बिल में 3.03 फ़ीसद इज़ाफ़ा ज़रूरी है। वहीं कंपनी ने बिना मीटर वाले को छोड़ कर बाकी सभी कैटेगिरी में फिक्स्ड चार्ज में इज़ाफ़ा नहीं किया है। इसके साथ ही बिजली बिल दरों में 4.38 फ़ीसदी इज़ाफ़ा करने का फ़ैसला लिया है।












Click it and Unblock the Notifications