Bihar News: बिहार के लाल को मिलेगा 3.5 करोड़ की स्कॉलरशिप, 19 साल के आदर्श कुमार कौन, कैसे रचा इतिहास?
Adarsh Kumar Georgetown University Scholarship: बिहार के चंपारण के रहने वाले 19 साल के आदर्श कुमार ने अपनी मेहनत और हौसले से बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कभी 14 साल की उम्र में सिर्फ 1,000 रुपये और पुराने लैपटॉप के साथ घर से निकले आदर्श को अब कतर की Georgetown University में करीब 3.5 करोड़ रुपये की फुल-राइड स्कॉलरशिप मिली है।
खास बात यह है कि इस मुकाम से पहले उन्हें 22 यूनिवर्सिटीज से रिजेक्शन भी मिला था। आदर्श 2025 में Global Student Prize जीत चुके हैं और उनकी Skillzo पहल करीब 20 हजार छात्रों तक पहुंच चुकी है।

कौन हैं आदर्श कुमार, जिनकी हो रही चर्चा?
आदर्श कुमार बिहार के चंपारण से आते हैं और उनका बचपन आर्थिक चुनौतियों के बीच गुजरा। वह अपनी मां के साथ बड़े हुए। कम उम्र में ही उन्होंने समझ लिया था कि आगे बढ़ने के लिए उन्हें खुद कुछ अलग करना होगा। 14 साल की उम्र में वह कोटा पहुंचे, लेकिन कोचिंग की फीस उनके परिवार की पहुंच से बाहर थी। इसके बाद उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ अलग-अलग प्रोजेक्ट्स और स्टार्टअप्स पर काम करना शुरू किया।
ये भी पढे़ं: अस्पतालों-स्कूलों में लापरवाही पर लिया एक्शन, अब अचानक हो गया ट्रांसफर, 27 साल की IAS गरिमा लोहिया कौन?
क्यों बनाया Skillzo, कैसे पहुंचा 20 हजार छात्रों तक?
आदर्श ने महसूस किया कि बहुत से छात्रों में क्षमता होने के बावजूद उन्हें सही स्किल, मेंटर और अवसर नहीं मिल पाते। इसी सोच से उन्होंने Skillzo शुरू किया। इस प्लेटफॉर्म के जरिए छात्रों को स्किल डेवलपमेंट, मेंटरशिप और अलग-अलग अवसरों से जोड़ने की कोशिश की गई। समय के साथ यह पहल करीब 20 हजार छात्रों तक पहुंच गई। यही काम आदर्श के प्रोफाइल को सामान्य छात्र से अलग बनाता गया।
11 हजार छात्रों में कैसे मिली Global Student Prize की जीत?
आदर्श की मेहनत को अंतरराष्ट्रीय पहचान 2025 में मिली, जब उन्होंने Global Student Prize जीता। इसके लिए 148 देशों से करीब 11 हजार नॉमिनेशन आए थे। इतनी बड़ी संख्या में नामांकन के बीच आदर्श का चुना जाना उनकी उपलब्धियों और छात्रों के लिए किए गए काम को दिखाता है। इस पुरस्कार के बाद उनकी कहानी बिहार से निकलकर दुनिया के सामने पहुंची और उन्हें कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पहचान मिलने लगी।
22 जगह रिजेक्शन के बाद Georgetown ने क्यों चुना?
आदर्श के लिए विदेश में पढ़ाई का रास्ता भी आसान नहीं रहा। उन्हें 22 यूनिवर्सिटीज से एडमिशन रिजेक्शन मिला। एक समय ऐसा आया जब नियमित आवेदन के जरिए आगे बढ़ने के विकल्प लगभग खत्म हो चुके थे। फिर Second Chance के जरिए उनकी प्रोफाइल Georgetown University in Qatar तक पहुंची। यूनिवर्सिटी ने उनके अकादमिक सफर के साथ उनके सामाजिक काम और उपलब्धियों को भी देखा और आखिरकार उन्हें दाखिला दे दिया।
ये भी पढे़ं: फेसबुक पर 'I Love You' और बैंक से 70 लाख गायब! महबूबा के चक्रव्यूह में प्रेमी, रोते-रोते पहुंचा साइबर थाना
मां के साथ बैठे थे, तभी आया जिंदगी बदलने वाला ईमेल
Georgetown से एडमिशन और स्कॉलरशिप का ईमेल जिस वक्त आया, आदर्श अपनी मां के साथ बैठे थे। उनके लिए यह पल इसलिए भी भावुक था क्योंकि इस पूरे सफर में उनकी मां उनके साथ रही हैं। अब आदर्श Political Science, Economics और International Relations की पढ़ाई करना चाहते हैं। बिहार में शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति देखने के बाद उनकी दिलचस्पी पॉलिसी और गवर्नेंस में बढ़ी है। उनकी स्कॉलरशिप में फीस से लेकर रहने, खाने, फ्लाइट, वीजा और हेल्थ इंश्योरेंस तक का खर्च शामिल है।


Click it and Unblock the Notifications
