विवादों की नींव से विश्व पटल के शिखर तक: बिहार म्यूज़ियम के निर्माण की कहानी
नई दिल्ली: पटना के नए-नवेले एयरपोर्ट से बाहर निकलकर जब आप शहर में प्रवेश करने के लिए बेली रोड (नया नाम नेहरू पथ) पर दाहिने हाईकोर्ट की तरफ आगे बढ़ेंगे, तो आपको शहर के बीचोबीच एक शांत इमारत 'बिहार संग्रहालय' दिखेगी। इसकी शिल्पकला भले ही पाटलिपुत्र के गौरवशाली इतिहास की तरह पारंपरिक रूप से भव्य न दिखे, लेकिन इसके गर्भ में रखी वास्तुकला, शिल्पकला और बेजोड़ आर्ट ने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा है।

वैश्विक पटल पर रचा इतिहास: पेरिस और न्यूयॉर्क को पछाड़ा
देश के पिछड़े और बुनियादी सुविधाओं की कमी वाले राज्य के तौर पर देखे जाने वाले बिहार ने आज विश्व के सांस्कृतिक मानचित्र पर एक ऐसा इतिहास रच दिया है, जिसने पूरी दुनिया को चौंका दिया है। जर्मनी के म्यूनिख स्थित प्रतिष्ठित ट्रैवल गाइड 'वर्थ ए जर्नी' द्वारा जारी साल 2026 के दुनिया के 100 सर्वश्रेष्ठ संग्रहालयों की सूची में, राजधानी पटना के बिहार म्यूज़ियम ने विश्व स्तर पर नौवां स्थान हासिल कर प्रदेश ही नहीं बल्कि देश का नाम रोशन किया है।
इस उपलब्धि के साथ बिहार म्यूज़ियम पूरे एशिया का नंबर एक संग्रहालय बन गया है और इस ग्लोबल सूची में जगह बनाने वाला भारत का इकलौता संस्थान है। सबसे बड़ी बात यह है कि इस ग्लोबल रैंकिंग में बिहार म्यूज़ियम ने अमेरिका के विश्व प्रसिद्ध मेट्रोपॉलिटन म्यूज़ियम ऑफ आर्ट (द मेट), न्यूयॉर्क को दसवें स्थान पर और फ्रांस के ऐतिहासिक लूव्र म्यूज़ियम, पेरिस को इकतीसवें स्थान पर पीछे छोड़ दिया है।
लेकिन आज जिस संग्रहालय पर पूरा देश गर्व कर रहा है, उसके बनने के पीछे एक लंबा राजनीतिक और वैचारिक संघर्ष छिपा है। जहाँ कभी इस प्रोजेक्ट को एक गरीब राज्य में जनता के पैसे की बर्बादी करार दिया गया था, वही आज दुनिया में भारत के लिए गौरव का प्रतीक बन गया है।
परिकल्पना से ज़मीन तक: नीतीश कुमार का ड्रीम प्रोजेक्ट
इसके निर्माण की शुरुआत साल 2009 से 2011 के दौर में होती है, जब बिहार के तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना में एक विश्वस्तरीय संग्रहालय बनाने की कल्पना की थी। उनका मुख्य उद्देश्य बिहार की 'सॉफ्ट पावर' और बिहारी अस्मिता को पुनर्जीवित करना था। साल 1917 में बना पुराना पटना म्यूज़ियम जगह की कमी के कारण राज्य की हज़ारों दुर्लभ कलाकृतियों को प्रदर्शित करने में असमर्थ हो रहा था और कई बेशकीमती धरोहरें मालखाने में बंद पड़ी थीं।
नीतीश कुमार का मानना था कि जिस धरती ने दुनिया को मौर्य साम्राज्य, पाटलिपुत्र, सम्राट अशोक, नालंदा विश्वविद्यालय, भगवान बुद्ध और महावीर दिए, उस राज्य की युवा पीढ़ी को अपनी समृद्ध जड़ों पर गर्व होना चाहिए। इस सपने को धरातल पर उतारने की ज़िम्मेदारी वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और कला प्रेमी अंजनी कुमार सिंह को सौंपी गई, जो वर्तमान में इस संग्रहालय के महानिदेशक हैं। उन्होंने लंदन के ब्रिटिश म्यूज़ियम और न्यूयॉर्क के संग्रहालयों का अध्ययन कर इसकी रूपरेखा तैयार की।
राजनीति के गलियारों में भूचाल: 'अस्पताल या संग्रहालय?' का विवाद
लेकिन जब अक्टूबर 2013 में पटना के बेली रोड पर सात पुराने सरकारी बंगलों को तोड़कर करीब पाँच सौ करोड़ रुपये के बजट से इसका निर्माण शुरू हुआ, तो बिहार के राजनीतिक गलियारों में भूचाल आ गया। इस निर्माण को लेकर आलोचकों, अर्थशास्त्रियों और विपक्षी दलों ने तीखे सवाल उठाए कि जिस राज्य में अस्पताल, स्कूल, सड़क और बाढ़ नियंत्रण जैसी बुनियादी ज़रूरतों के लिए पैसों की कमी है, वहाँ एक इमारत पर पाँच सौ करोड़ रुपये खर्च करना कहाँ की समझदारी है?
यह विरोध केवल विपक्ष तक सीमित नहीं था। साल 2014-15 में जब जीतन राम मांझी कुछ समय के लिए बिहार के मुख्यमंत्री बने, तो उन्होंने भी इस प्रोजेक्ट पर सवाल खड़े किए। मांझी ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि इतने भारी खर्च से म्यूज़ियम बनाने से ज़्यादा ज़रूरी गरीबों और शिक्षकों का कल्याण है। उन्होंने इसका बजट 280 करोड़ रुपये से बढ़कर करीब 500 करोड़ रुपये होने और विदेशी कंसल्टेंट्स को दी गई मोटी फीस की जांच कराने की बात भी कही थी।
अदालती चौखट पर जनहित याचिका और ऐतिहासिक फैसला
विवाद यहीं नहीं थमा और मामला अदालत की दहलीज तक पहुंच गया। पटना विश्वविद्यालय के प्रोफेसर अशोक कुमार ने दिसंबर 2011 में ही पटना हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका दायर कर दी थी। याचिका में तर्क दिया गया कि कनाडा की कंपनी लॉर्ड कल्चरल रिसोर्सेज और जापान की आर्किटेक्चर फर्म को करोड़ों रुपये की कंसल्टेंसी फीस देना गरीब जनता के पैसे की बर्बादी है।
साल 2015 में इस मामले की सुनवाई करते हुए पटना हाईकोर्ट ने भी राज्य सरकार से कड़े सवाल पूछे और टिप्पणी की कि यह प्रोजेक्ट पहली नज़र में जनहित में नहीं दिखता। हालांकि, तब तक निर्माण कार्य लगभग अस्सी प्रतिशत पूरा हो चुका था और सैकड़ों करोड़ रुपये खर्च हो चुके थे, इसलिए कोर्ट ने निर्माण तो नहीं रोका, लेकिन यह सख्त निर्देश दिया कि इस संग्रहालय का कभी निजीकरण नहीं किया जाएगा।
दीदारगंज यक्षी पर बुद्धिजीवियों का संग्राम और 'अंडरग्राउंड' समाधान
इसी बीच एक और बड़ा विवाद इतिहासकारों की तरफ से खड़ा हुआ। जब सरकार ने पुराने पटना म्यूज़ियम से तेईस सौ साल पुरानी विश्व प्रसिद्ध मौर्यकालीन दीदारगंज यक्षी की मूर्ति समेत सौ से अधिक बेशकीमती कलाकृतियों को नए बिहार म्यूज़ियम में शिफ्ट करने का फैसला किया, तो देश भर के बुद्धिजीवी इसके खिलाफ खड़े हो गए।
रोमिला थापर और इरफान हबीब जैसे देश के सौ से अधिक जाने-माने इतिहासकारों और महापंडित राहुल सांकृत्यायन की बेटी जया सांकृत्यायन ने इसका कड़ा विरोध करते हुए कहा कि इससे पुराने पटना म्यूज़ियम का ऐतिहासिक अस्तित्व खत्म हो जाएगा।
इन तमाम राजनीतिक हमलों, अदालती अड़चनों और बौद्धिक विरोधों के बावजूद नीतीश कुमार अपने फैसले पर चट्टान की तरह अड़े रहे। इतिहासकारों के विवाद को सुलझाने के लिए एक तार्किक रास्ता निकाला गया और तय किया गया कि प्राचीन काल से लेकर 1764 के बक्सर के युद्ध तक का इतिहास नए बिहार म्यूज़ियम में रखा जाएगा, जबकि 1764 के बाद का आधुनिक और औपनिवेशिक इतिहास पुराने पटना म्यूज़ियम में रहेगा। आज इन दोनों संग्रहालयों को आपस में जोड़ने के लिए 542 करोड़ रुपये की लागत से डेढ़ किलोमीटर लंबी एक अत्याधुनिक अंडरग्राउंड हेरिटेज टनल भी बनाई जा रही है।
जापानी वास्तुकला और ग्रीन रेटिंग का अनूठा संगम
अगस्त 2015 में आंशिक रूप से और अक्टूबर 2017 में पूरी तरह से जनता के लिए खुले इस संग्रहालय ने आज अपने सभी आलोचकों को अपने काम और वैश्विक पहचान से जवाब दिया है। लगभग चौदह एकड़ में फैले इस संग्रहालय को वास्तुकला का नोबेल कहे जाने वाले प्रित्ज़कर पुरस्कार विजेता जापानी वास्तुकार फुमिहिको माकी ने मुंबई के ओपोलिस आर्किटेक्ट्स के साथ मिलकर डिज़ाइन किया है।
इसे किसी सामान्य बहुमंजिला इमारत के बजाय शांत आंगनों, कॉर्टन स्टील और हरियाली के बीच एक विशाल सांस्कृतिक परिसर के रूप में बनाया गया है, जिसे पर्यावरण के अनुकूल होने के लिए 'गृह फाइव-स्टार रेटिंग' (GRIHA 5-Star) भी मिली है।
दीर्घाओं में जीवंत होती बिहार की गौरवशाली विरासत
इस संग्रहालय के भीतर प्रवेश करते ही बिहार का गौरवशाली अतीत जीवंत हो उठता है। यहाँ की नौ स्थायी दीर्घाओं में चार लाख ईसा पूर्व के पाषाण कालीन औजारों से लेकर मौर्य, गुप्त और पाल वंश की दुर्लभ मूर्तियां, प्राचीन सिक्के और पांडुलिपियां मौजूद हैं। हाथ में चंवर लिए मौर्यकालीन पॉलिश कला का अद्भुत नमूना मानी जाने वाली दीदारगंज यक्षी की मूर्ति इस म्यूज़ियम की आत्मा है।
इसके अलावा यहाँ बिहार की समृद्ध लोक कला जैसे मिथिला की मधुबनी पेंटिंग, भागलपुर की मंजूषा कला, पटना की टिकुली आर्ट और अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त बिहारी कलाकार सुबोध गुप्ता की विशाल आधुनिक कलाकृतियां भी प्रदर्शित हैं। बच्चों को खेल-खेल में इतिहास सिखाने के लिए बनी इंटरैक्टिव चिल्ड्रन गैलरी और दुनिया भर में फैले बिहार के लोगों के गिरमिटिया इतिहास से लेकर वर्तमान योगदान को दर्शाती डायस्पोरा गैलरी इसे एक जीवंत संस्थान बनाती हैं। प्रसिद्ध उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने बिहार म्यूज़ियम की इस वैश्विक उपलब्धि को भारत में 'संग्रहालय पुनर्जागरण' की शुरुआत और एक गेम-चेंजर बताया है। जिस प्रोजेक्ट को कभी एक गरीब राज्य की फिजूलखर्ची कहकर कटघरे में खड़ा किया गया था, आज उसी बिहार म्यूज़ियम ने पेरिस और न्यूयॉर्क के संग्रहालयों को पछाड़कर यह साबित कर दिया है कि रोटी, कपड़ा और मकान के साथ-साथ किसी भी समाज के आत्मसम्मान के लिए अपनी सांस्कृतिक जड़ों को सहेजना भी उतना ही ज़रूरी है। नीतीश कुमार की उस एक ज़िद ने आज बिहार को दुनिया के सांस्कृतिक मानचित्र पर सबसे आगे लाकर खड़ा कर दिया।


Click it and Unblock the Notifications
