Bihar Bridge Collapse: मोतिहारी में निर्माणाधीन पुल ढहा, 7 दिन में तीसरी घटना, 5 साल में 11 ब्रिज गिरे
Bihar Bridge Collapse: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में रविवार को एक निर्माणाधीन पुल ढह गया। अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार के बाद से राज्य में यह तीसरी ऐसी घटना है। अधिकारियों के अनुसार, मोतिहारी में हुई इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
बिहार के ग्रामीण निर्माण विभाग (आरडब्ल्यूडी) के अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) दीपक कुमार सिंह ने बताया कि अभी तक सटीक कारण का पता नहीं चल पाया है। यह एक गंभीर मामला है और विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। हम दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।
सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को पहले ही भेज दिया है। वे घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार है। जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) सौरभ जोरवाल ने भी कहा कि घटना के वास्तविक कारण का पता लगाया जा रहा है। डीएम ने यह भी कहा कि हमारे पास ऐसी रिपोर्ट है कि स्थानीय लोगों के एक वर्ग ने शुरुआत में पुल के कुछ खंभों के निर्माण पर आपत्ति जताई थी। पुलिस भी इस मामले की जांच कर रही है।

पुल निर्माण की लागत 1.5 करोड़
1.5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 16 मीटर लंबी यह संरचना मोतिहारी के घोड़ासहन ब्लॉक के अमवा गांव को ब्लॉक के अन्य इलाकों से जोड़ेगी। इसका निर्माण राज्य सरकार के आरडब्ल्यूडी द्वारा नहर के ऊपर किया जा रहा है।
आरजेडी ने कसा तंज
वहीं, आरजेडी ने मौजूद राज्य की नीतीश कुमार सरकार को घेरते हुए कहा कि अब बिहार के घोड़ासहन में एक और पुल शहीद हो गया है। कल शाम ही पुल के ढलाई का काम हुआ था, आज सुबह ध्वस्त हो गया। एक करोड़ साठ लाख का पुल था। जुर्माना कौन भरेगा.? डिप्टी सीएम पर तंज कसते हुए कहा कि विजय सिन्हा जी कहें तो तेजस्वी जी के पीएस ही जिम्मेदारी ले लेंगे इसका भी?
7 दिन में तीन पुल हादसे
- 23 जून: मोतिहारी में निर्माणाधीन पुल गिरा।
- 22 जून: सिवान जिले में नहर पर बना एक नवनिर्मित पुल भी ढह गया था। यह दरौंदा और महाराजगंज ब्लॉक के गांवों को जोड़ता था।
- 18 जून: अररिया जिले में लगभग 180 मीटर लंबा एक नया बना पुल ढह गया।
बिहार में पिछले 5 साल में 11 पुल गिरे, मोतिहारी टॉप पर
- 17 जनवरी 2017 - गंगा नदी पुल, भागलपुर: गंगा नदी पर बन रहे एक पुल का हिस्सा गिर गया था। इस घटना में 1 व्यक्ति की मौत हुई थी और 4 लोग घायल हुए थे।
- 21 जुलाई 2020 - गंडक नदी पुल, मोतिहारी: मोतिहारी जिले के ढाका क्षेत्र में गंडक नदी पर बन रहे एक पुल का हिस्सा गिर गया था। इस घटना में कोई जानहानि नहीं हुई थी।
- 16 जून 2021 - बंजरिया थाना क्षेत्र, मोतिहारी: बंजरिया थाना क्षेत्र में एक निर्माणाधीन पुल का हिस्सा गिर गया था। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ था।
- 25 अगस्त 2021 - पचपकड़ी पुल, मोतिहारी: पचपकड़ी इलाके में एक पुल का हिस्सा गिर गया था। इस घटना में भी किसी की जान नहीं गई थी।
- 30 अप्रैल 2022 - गोपालगंज पुल: गोपालगंज जिले में सारण नहर पर एक पुल का हिस्सा गिर गया था। इस घटना में 1 व्यक्ति की मौत हुई थी।
- 4 जून 2022 - सुल्तानगंज-अगुवानी घाट पुल, भागलपुर: सुल्तानगंज-अगुवानी घाट के बीच गंगा नदी पर बन रहा एक पुल गिर गया था। इस घटना में किसी की जान नहीं गई थी, लेकिन पुल को काफी नुकसान हुआ था।
- 29 मई 2023 - गंगा नदी पुल, पटना: पटना में गंगा नदी पर एक निर्माणाधीन पुल का हिस्सा गिर गया था। इस घटना में 2 मजदूरों की मौत हुई थी और कई लोग घायल हो गए थे।
- 4 जून 2023 - सुल्तानगंज-अगुवानी घाट पुल, भागलपुर (दोबारा घटना): इसी पुल का एक और हिस्सा गिर गया था। इस बार भी किसी की जान नहीं गई, लेकिन निर्माण कार्य में देरी और लागत में वृद्धि हुई।
- 18 जून 2024 : अररिया जिले में लगभग 180 मीटर लंबा एक नया बना पुल ढह गया।
- 22 जून 2024 : सिवान जिले में नहर पर बना एक नवनिर्मित पुल भी ढह गया था। यह दरौंदा और महाराजगंज ब्लॉक के गांवों को जोड़ता था।
- 23 जून 2024 : मोतिहारी में निर्माणाधीन पुल गिरा।
इनपुट-(मीडिया रिपोर्ट्स व एजेंसी)












Click it and Unblock the Notifications