Bihar MLC Election: राबड़ी समेत महागठबंधन के 5 MLC प्रत्याशियों ने भरा पर्चा, लालू ने दिखाया विक्ट्री साइन
बिहार विधान परिषद में विधानसभा कोटे की 11 सीटों के लिए चुनाव होंगे। इसे लेकर आज महागठबंधन की ओर से 5 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। आरजेडी की ओर से पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने भी आज नामांकन दाखिल किया।
पूर्व सीएम नामांकन के इस दौरान राजद सुप्रीमो लालू यादव समेत पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे। राबड़ी के नामांकन भरने के बाद लालू ने विक्ट्री साइन दिखाया। राबड़ी देवी के अलावा आरजेडी की ओर से अब्दुलबारी सिद्दीकी, प्रदेश राजद प्रवक्ता डॉ. उर्मिला ठाकुर एवं राजद के कार्यकारिणी सदस्य फैसल अली ने नामांकन भरा।

इसके अलावा सीपीआई-माले की ओर से शशि यादव ने पर्चा दाखिल किया। इस दौरान कांग्रेस के समर्थक भी विधानसभा में मौजूद रहे और महागठबंधन के प्रत्याशियों का समर्थन किया।इस मौके पर तेजस्वी यादव भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि महागठबंधन की ओर से 5 प्रत्याशियों में से 3 महिलाएं हैं और इसकी मुझे खुशी है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि बीजेपी देश की जनता, संविधान और लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ कर रही है। संवैधानिक संस्थानों को हाईजैक किया जा रहा है। वहीं चिराग पासवान के साथ आने के सवाल पर उन्होंने कहा कि ये तो समय ही बताएगा।
आपको बता दें कि आज एनडीए के उम्मीदवार ने भी नामांकन कर रहे हैं। एनडीए में जदयू की ओर से सीएम नीतीश कुमार और खालिद अनवर के साथ ही हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सुमन पहले ही पर्चा भर चुके हैं। आज भाजपा की ओर से घोषित तीन प्रत्याशी मंगल पांडेय, डा. लाल मोहन गुप्ता एवं अनामिका सिंह ने पर्चा भर दिया।
आपको बता दें कि आज नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख है। स्क्रूटनी 12 और 13 मार्च को होनी है। नामांकन वापस लेने की तारीख 14 मार्च है। 23 मार्च के पहले चुनाव संपन्न हो जाना है। महागठबंधन और एनडीए के घोषित उम्मीदवारों के अलावा कोई अतिरिक्त उम्मीदवार नामांकन नहीं करते हैं तो वोटिंग की संभावना नहीं के बराबर है।












Click it and Unblock the Notifications