VIDEO: जहरीले सांपों से खिलवाड़ शख्स को पड़ा महंगा, बहन के सामने ही भाई ने तोड़ दिया दम
पटना, 8 अक्टूबर। सांप के साथ खिलवाड़ करना, मौत से खेलने के बराबर है। दुनिया में कई बेहद जहरीले सांप है जिसके काटने से किसी भी व्ययस्क इंसान की मिनटों में मौत हो सकती है। ऐसा ही एक खौफनाक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर लोगों को सांपों से दूर रहने की सीख दे रहा है। वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि एक शख्स अपनी बहन से दो जहरीले सांपों को जबरन राखी बंधवा रहा है, इसी बीच एक सांप ने शख्स के पैर में डस लिया और उसके बाद जो हुआ उसे देखकर आपका भी दिल दहल जाएगा। वीडियो इसी वर्ष रक्षाबंधन का है जो अब वायरल हो रहा है।
Recommended Video

मनमोहन की सांपों से थी 10 साल पुरानी यारी
बताया जा रहा है कि सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र के रहने वाले मनमोहन और सांपो की यारी 10 साल पुरानी है, वह अपने गांव में सांपों को रेस्क्यू करने और उसका शिकार हुए लोगों का इलाज करने के लिए मशहूर था। बीते एक दशक में मनमोहन उर्फ भूअर कई जहरीले सांपों को पकड़कर उन्हें लोगों से दूर छोड़ा लेकिन रविवार को रक्षाबंधन के मौके पर उसे अपनी बहन से सांपों को राखी बंधवाने की सूझी।

बहन से बंधवाई सांपों को राखी
मनमोहन की ये हरकत उसी को भारी पड़ गई और आखिरकार रक्षाबंधन वाले दिन ही उसे अपनी जान से हाथ गंवाना पड़ा। वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि मनमोहन दो जहरीले सांपों को पूछ की तरफ से पकड़ कर उन्हें राखी बंधवा रहा है। हालांकि उसकी बहन ने सांपों से दूरी बनाने में ही भलाई समझी और मनमोहन ने ही सांपों को टीका किया उनकी आरती उतारी। इस बीच मनमोहन का ध्यान भटकने पर एक सांप उसके पैर के करीब आ गया।

झाड़-फूंक से सांप का जहर बेअसर करने में जुटे परिजन
वीडियो में देखा जा सकता है कि सांप मनमोहन की उंगलियों के बीच काट लेता है। सांप के काटे जाने के बाद भी मनमोहन को अपनी जान का जरा भी डर नहीं लगा और वह कार्यक्रम जारी रखता है। मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के मुताबिक तबीयत बिगड़ने के बाद मनमोहन को अस्पताल ले जाने की बजाए उसके घर वाले झाड़-फूंक से उसका इलाज करने लगे। इस दौरान उसकी हालत और भी बिगड़ गई।

समय पर नहीं मिला इलाज
हालत में सुधार ना होता देख उसके परिजन आनन-फानन में मनमोहन को एकमा स्वास्थ्य केंद्र ले जाते हैं लेकिन वहां एंटी-वेनम इंजेक्शन ना होने की वजह से उसे छपरा सदर अस्पताल ले जाया गया। समय पर इलाज ना मिलने की वजह से डॉक्टर मनमोहन को मृत घोषित कर देते हैं। बताया जा रहा है कि आस-पास के इलाके में मनमोहन को सांपों का सच्चा दोस्त कहा जाता था। किसी के घर सांप निकलने पर लोग सबसे पहले उसे ही बुलाने के लिए दौड़ते थे।

युवक की मौत से हैरत में लोग
इतना ही नहीं गांव में किसी को सांप काटता था तो भी उसके इलाज के लिए मनमोहन को ही बुलाया जाता था। ग्रामीणों का दावा है कि उसके द्वारा बोले गए मंत्रों से सांप का जहर बेअसर हो जाता था। इस बीच सांप के काटे जाने से ही मनमोहन की मौत की खबर ने सभी को हैरत में डाल दिया है, ये खबर लोगों के गले नहीं उतर रही है। मनमोहन सांप पकड़ने के बाद उसे जंगल में छोड़ देता था लेकिन रक्षाबंधन वाले दिन उसने दो जहरीले सांपों को राखी बांधने के लिए पकड़ा था।
यह भी पढ़ें: चतराः शिव चर्चा से पहले घर में निकला जहरीला सांप तो महिला ने भगवान समझ गले में लपेटा, हो गई मौत












Click it and Unblock the Notifications