Lok sabha Chunav 2024: बिहार की वो 5 लोकसभा सीटें, जहां NDA और महागठबंधन के बीच सीधी टक्कर
लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में कई दिग्गज नेताओं का भविष्य मत पेटियों में बंद होगा। लोक जनशक्ति पार्टी- आर राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद की पुत्री डॉ. रोहिणी आचार्य, बिहार विधान परिषद के सभापति देवेशचंद्र ठाकुर, सांसद अजय निषाद और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी समेत कई बड़े नेताओं के भाग्य का फैसला 5वें चरण के तहत हो जाएगा।
सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, सारण और हाजीपुर बिहार की ये पांच सीटें हैं, जहां लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में 20 मई को मतदान होना है। हाजीपुर (सुरक्षित) सीट पर सर्वाधिक 19 लाख 72 हजार 915 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। सबसे कम 18 लाख 790 मतदाता सारण संसदीय क्षेत्र में हैं।

इस चरण के लिए चुनाव प्रचार शनिवार की शाम को समाप्त हो जाएगा। इस चरण में सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, सारण एवं हाजीपुर (सु) संसदीय क्षेत्रों में मतदान 20 मई को निर्धारित है। पांचवें चरण की जिन पांच सीटों के लिए मतदान होगा, वहां कुल 95 लाख 11 हजार 186 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिसमें 49 लाख 99 हजार 627 पुरुष, 45 लाख 11 हजार 259 महिला एवं 300 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।
एनडीए बनाम महागठबंधन
बिहार की पांच सीटों पर एनडीए की महागठबंधन से सीधी टक्कर हैं। इस चरण में सीतामढ़ी में जदयू के देवेशचंद्र ठाकुर के सामने राजद के पूर्व सांसद अर्जुन राय मुकाबले में हैं। वहीं, मधुबनी में भाजपा ने सांसद अशोक यादव को मैदान में उतारा है जबकि उनके मुकाबले में राजद से पूर्व केंद्रीय मंत्री मो. एए फातमी खड़े हैं। सारण में राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद की पुत्री रोहिणी आचार्य पहली बार चुनाव मैदान में हैं। यहां सांसद भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी से मुकाबला कर रही हैं।
हाजीपुर (सुरक्षित) संसदीय सीट से राजद ने फिर से पूर्व मंत्री शिवचंद्र राम को उतारा है, जबकि यहां से एनडीए की ओर से लोजपा-आर के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान अपने पिता के गढ़ को बचाने के लिए पहली बार मैदान में उतरे हैं। वहीं मुजफ्फरपुर में भाजपा प्रत्याशी राजभूषण निषाद और कांग्रेस के टिकट पर उतरे पूर्व भाजपा सांसद अजय निषाद के बीच मुकाबला है।
कहां, कितने कैंडिडेट
बसपा ने सर्वाधिक 5 उम्मीदवार उतारे हैं पांचवें चरण के चुनावी क्षेत्रों में राष्ट्रीय व राज्यस्तरीय दलों में सबसे अधिक बसपा ने 5 उम्मीदवार उतारे हैं। जबकि, कांग्रेस के 1, राजद के 4, जदयू के 1, भाजपा के 3 और लोजपा-आर के 1 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। वहीं, इस चरण में सबसे अधिक 26 उम्मीदवार मुजफ्फरपुर में हैं, जबकि सीतामढ़ी, सारण और हाजीपुर में 14-14 और मधुबनी में 12 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications