NEET UG 2026: बिहार में बढ़ीं 100 MBBS सीटें, छपरा और समस्तीपुर में इस सत्र से शुरू होंगा एडमिशन
Bihar Gets 100 New MBBS Seats: बिहार में मेडिकल की पढ़ाई करने का सपना देखने वाले छात्रों के लिए बड़ी खबर है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने राज्य के दो नए मेडिकल कॉलेजों को MBBS कोर्स शुरू करने की अनुमति दे दी है। इनमें छपरा (सारण) का सरकारी मेडिकल कॉलेज और समस्तीपुर का श्री राम जानकी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल शामिल है। दोनों संस्थानों में 50-50 MBBS सीटों को मंजूरी मिली है।
यानी राज्य में एक साथ 100 नई MBBS सीटें जुड़ गई हैं। नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 से दोनों कॉलेजों में मेडिकल की पढ़ाई शुरू होने की उम्मीद है। इन मंजूरियों के बाद बिहार में MBBS सीटों की कुल संख्या बढ़कर 1810 हो जाएगी। इसे राज्य में मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

दोनों कॉलेजों को मिली 50-50 MBBS सीटें
NMC के मेडिकल मूल्यांकन एवं रेटिंग बोर्ड ने दोनों मेडिकल कॉलेजों को अनुमति पत्र जारी कर दिया है। यह फैसला दूसरी अपील समिति के निर्णय के आधार पर लिया गया है। छपरा (सारण) के सरकारी मेडिकल कॉलेज को MBBS की 50 सीटों पर छात्रों को दाखिला देने की अनुमति मिली है। वहीं, समस्तीपुर के श्री राम जानकी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भी 50 छात्रों के MBBS में प्रवेश को मंजूरी दी गई है। दोनों कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से MBBS की पढ़ाई शुरू होगी।
ये भी पढ़ें: NEET UG Round 2 Counselling के लिए 659 MBBS-BDS सीटें बढ़ीं, AIIMS-KGMU की भी लिस्ट जारी
बिहार में MBBS सीटों की संख्या बढ़कर 1810
इन दोनों नए मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी मिलने से बिहार में MBBS की 100 सीटों का इजाफा हुआ है। इसके साथ ही राज्य में MBBS सीटों की कुल संख्या 1810 तक पहुंच जाएगी। मेडिकल सीटों में बढ़ोतरी से बिहार के छात्रों को राज्य के भीतर मेडिकल पढ़ाई के ज्यादा अवसर मिल सकते हैं। साथ ही आने वाले समय में नए डॉक्टर तैयार होने से स्वास्थ्य व्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जताई खुशी
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस फैसले की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि दो नए मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी मिलना बिहार में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, इससे राज्य की स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी और युवाओं के लिए नए मौके भी बनेंगे। उन्होंने बिहार को दो मेडिकल कॉलेजों के लिए MBBS सीटों की अनुमति मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा का आभार भी जताया।
आतंकवाद पीड़ित परिवारों के लिए MBBS की 4 सीटें
इस बीच, केंद्र सरकार ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए केंद्रीय पूल से MBBS की चार सीटें आतंकवाद का शिकार हुए नागरिकों के जीवनसाथी और बच्चों के लिए तय की हैं। इन सीटों पर दाखिले के दौरान पात्र उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। इन चार सीटों में से एक सीट बिहार के गया जिले स्थित एएन मगध मेडिकल कॉलेज में रखी गई है।
मुंबई और रायपुर में भी सीटें तय
आतंकवाद पीड़ित नागरिकों के परिवारों के लिए एक MBBS सीट महाराष्ट्र के मुंबई स्थित ग्रैंड मेडिकल कॉलेज में दी गई है। बाकी दो सीटें छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के पंडित जेएनएम मेडिकल कॉलेज में आवंटित की गई हैं।
गृह मंत्रालय के आतंकवाद एवं कट्टरपंथ रोधी प्रभाग ने इस संबंध में सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को पत्र भेजा है। पत्र में 'आतंकवाद के पीड़ित नागरिक' श्रेणी के तहत पात्र उम्मीदवारों के नाम भेजने को कहा गया है, ताकि तय नियमों के अनुसार इन चार MBBS सीटों पर प्रवेश की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।
ये भी पढ़ें: NEET पेपर लीक विवाद में हाईकोर्ट ने लगाई NTA को फटकार, आरोपी न होने पर भी रोका था स्टूडेंट्स का रिजल्ट


Click it and Unblock the Notifications
