Bihar Expressway: बिहार को बड़ी सौगात! इस जिले से गुजरेंगे दो बड़े एक्सप्रेस-वे, 117 गांवों की बदलेगी किस्मत
Bihar Expressway: बिहार के समस्तीपुर जिले के लिए यह खबर बेहद अहम है। आने वाले समय में जिले से होकर दो बड़े मेगा एक्सप्रेस-वे गुजरने वाले हैं, जिससे न सिर्फ यातायात आसान होगा बल्कि ग्रामीण इलाकों की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलने की उम्मीद है।
एक ओर रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेस-वे का 57.7 किलोमीटर लंबा हिस्सा, तो दूसरी ओर पटना-पूर्णिया एक्सप्रेस-वे का करीब 62 किलोमीटर का सेक्शन समस्तीपुर से होकर गुजरेगा। इन दोनों परियोजनाओं से जिले के कुल 117 गांव सीधे तौर पर प्रभावित होंगे।

सर्वे और एलाइनमेंट पूरा, अब जमीन अधिग्रहण की बारी
जिला भू-अर्जन विभाग ने दोनों एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं के लिए सर्वे और एलाइनमेंट का काम पूरा कर लिया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, जल्द ही इसका गजट प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू होगी। इसका मतलब साफ है कि जिन गांवों से सड़क गुजरेगी, वहां के किसानों और जमीन मालिकों को मुआवजे से जुड़ी प्रक्रिया का सामना करना होगा।
Raxaul Haldia Expressway: इन जगहों से होकर गुजरेगा रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेस-वे
रक्सौल को पश्चिम बंगाल के हल्दिया बंदरगाह से जोड़ने वाला यह एक्सप्रेस-वे अंतरराष्ट्रीय और औद्योगिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह सड़क समस्तीपुर जिले के पांच प्रखंडों से होकर गुजरेगी। यह एक्सप्रेस-वे दरभंगा की ओर से कल्याणपुर प्रखंड के लदौरा गांव से जिले में प्रवेश करेगी।
इसके बाद कल्याणपुर प्रखंड के रामपुरा, फुलहारा, बिरसिंहपुर, अजना अकबरपुर गजपति, बलभद्रपुर खजुरी, गोविंदपुर खजुरी, बांकीपुर, क्षटोल मथुरापुर, रामपुर कुसैया, हजपुरवा और मोहिउद्दीनपुर गांवों को कवर करेगी।
इसके आगे वारिसनगर प्रखंड में यह सड़क ताल कोरैया, परोरिया, लवहट्ठा, बलाही, मनवारा, जहांगीरपुर, शोभन, मशीना, पुरुषोत्तमपुर अन्नु और हरियाबाद चक्का गांवों से गुजरेगी। वहीं खानपुर प्रखंड के सिरोंपट्टी, भूतलपुर, भोरेजयराम, तालडोरा, शाहपुर, बछौली और बिशनपुर सोंसा गांव इस परियोजना से जुड़ेंगे। इसके बाद यह एक्सप्रेस-वे उजियारपुर और विभूतिपुर प्रखंड के कई गांवों से होते हुए बेगूसराय जिले में प्रवेश कर जाएगी।
Patna Purnia Expressway: पटना-पूर्णिया एक्सप्रेस-वे से 67 गांवों को फायदा
दूसरी ओर, पटना-पूर्णिया एक्सप्रेस-वे समस्तीपुर जिले के आठ प्रखंडों से होकर गुजरेगी और इससे 67 गांवों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। यह सड़क वैशाली जिले की सीमा से मोरवा प्रखंड के हरपुर भिंडी गांव से जिले में प्रवेश करेगी। मोरवा, सरायरंजन, उजियारपुर, विभूतिपुर, रोसड़ा, सिंघिया और हसनपुर प्रखंड के दर्जनों गांव इस परियोजना से जुड़ेंगे। यह एक्सप्रेस-वे आगे चलकर दरभंगा जिले में प्रवेश करेगी, जिससे उत्तर बिहार की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
रोजगार, व्यापार और निवेश को मिलेगा बढ़ावा
इन दोनों मेगा एक्सप्रेस-वे के बनने से आवागमन तो आसान होगा ही, साथ ही स्थानीय व्यापार, उद्योग और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। कृषि उत्पादों को बाजार तक पहुंचने में कम समय लगेगा और जमीन के दामों में भी बढ़ोतरी की संभावना है। विशेषज्ञों का मानना है कि ये परियोजनाएं समस्तीपुर को आर्थिक रूप से नई ऊंचाई पर ले जाने में अहम भूमिका निभाएंगी।












Click it and Unblock the Notifications