Bihar Elections 2025: नचनिया वाले तंज पर खेसारी लाल यादव ने रवि किशन को दिया जवाब
बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Election) की सरगर्मी के बीच भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार और राजद उम्मीदवार खेसारी लाल यादव ने छपरा की चुनावी सभा से BJP सांसद और अभिनेता रवि किशन पर जोरदार हमला बोला है। अपने ऊपर लगे 'नचनिया' वाले तंज पर भड़कते हुए खेसारी लाल ने रवि किशन को सीधे चुनौती दी और बिहार के विकास पर केंद्र सरकार से हिसाब मांगा।
खेसारी लाल यादव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए पूछा कि, 'बिहार के विकास की बात करने वाले लोग यह बताएं कि आखिर केंद्र ने अब तक बिहार को क्या दिया है?' उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित करते हुए कहा कि एक बार उनसे पूछा जाना चाहिए कि गुजरात के विकास के लिए पैसा है, तो बिहार के लिए क्यों नहीं?

उन्होंने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि, 'क्या हम बिहार वाले एक भी फैक्ट्री के काबिल नहीं हैं? क्या हम सिर्फ मजदूरी के लिए ही पैदा हुए हैं?' खेसारी ने आरोप लगाया कि बिहार के युवाओं को रोज़गार नहीं, बल्कि सिर्फ़ पलायन की मजबूरी दी गई है।
'नचनिया' वाले तंज पर करारा जवाब
अपने ऊपर लगाए गए 'नचनिया' वाले तंज का जवाब देते हुए खेसारी ने कहा कि जो लोग कह रहे हैं कि राजद ने एक नचनिया को टिकट दे दिया, वे मेरे बड़े भाई (सम्राट चौधरी) और पूजनीय हैं। हालांकि, उन्होंने सीधे तौर पर रवि किशन पर वार करते हुए कहा, 'जिनके इशारे पर मुझे नचनिया कहा जा रहा है, उनके गिरोह में तीन-तीन नचनिया पहले से हैं और एक तो अभी हाल ही में गए हैं। नचनिया को लेने की शुरुआत तो पहले उन्होंने ही की थी।'
कलाकार होना गुनाह नहीं
अपने गानों की आलोचना पर खेसारी लाल ने सवाल किया, 'कुछ लोग कहते हैं कि मेरे गाने गंदे हैं। मैं पूछता हूं, मेरे गानों की वजह से कौन सा अस्पताल, नाला या स्कूल खराब हो गया?' उन्होंने स्पष्ट किया कि कलाकार लोगों को हंसाता है और मनोरंजन करता है, यह कोई गुनाह नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग कलाकार को अपमानित कर रहे हैं, वही असल में बिहार को किसी लायक नहीं छोड़ पाए हैं।
'मैं नेता नहीं, कलाकार ही ठीक हूं'
भाषण के अंत में खेसारी लाल यादव ने भावुक होते हुए कहा, 'मुझे नेता मत बनाइए, मैं कलाकार ही ठीक हूं। अगर मैं नेता बन गया तो शायद मैं भी पापी बन जाऊंगा।' उनके इस बयान पर सभा में ज़ोरदार तालियां बजीं। सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहे इस भाषण में उन्होंने साफ़ किया कि उनका मकसद केवल बिहार की आवाज़ उठाना है, ताकि आने वाली पीढ़ी को अपने ही राज्य में रोज़गार मिल सके।












Click it and Unblock the Notifications