'12 सालों में सनातनियों के साथ सबसे ज्यादा छल मोदी ने किया', शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने क्यों कहा ऐसा?

Bihar Election 2025 (Avimukteshwarananda Saraswati): बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले सियासत ने नया मोड़ ले लिया है। इस बार लालू यादव-तेजस्वी और नीतीश कुमार के साथ-साथ सुर्खियों में जगद्गुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती भी हैं। सीवान में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ पर सीधा वार किया।

शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा, "बीते 12 सालों में सनातनियों के साथ सबसे बड़ा छल मोदी ने ही किया है।" शंकराचार्य ने याद दिलाया कि 2014 में जब मोदी सत्ता में आए तो उनके भाषणों में गौ रक्षा और हिंदुत्व बड़े वादे थे। साधु-संत और आमजन उस समय प्रभावित हुए थे और बड़ी संख्या में समर्थन दिया था। लेकिन सत्ता में आने के बाद, शंकराचार्य के मुताबिक, न तो गौ हत्या रुकी और न ही हिंदुत्व की रक्षा के वादों पर अमल हुआ।

Bihar Election 2025 Avimukteshwarananda Saraswati

सीएम योगी पर भी तीखा वार

केवल मोदी ही नहीं, शंकराचार्य ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा - "योगी जी गो रक्षा पीठ के मठाधीश हैं, लेकिन उनके ही राज्य में सबसे ज्यादा गाय काटी जा रही हैं और वे चुप्पी साधे हुए हैं।" यह बयान सीधा उस छवि पर सवाल खड़ा करता है, जिसके लिए योगी आदित्यनाथ देशभर में पहचाने जाते हैं।

अमित शाह का वादा और शंकराचार्य का सवाल

गृहमंत्री अमित शाह को भी शंकराचार्य ने नहीं बख्शा। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान सीतामढ़ी में अमित शाह ने वादा किया था कि तीसरी बार सत्ता में आने पर गौ हत्यारों को उल्टा लटका देंगे। लेकिन एक साल से ज्यादा वक्त बीत जाने के बाद भी किसी पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई।

"सनातनी राजनीति" की नई शुरुआत

शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने इस मौके पर एक बड़ी घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि सनातनी राजनीति की नींव रखी जाए। उन्होंने ऐलान किया कि बिहार की सभी 243 विधानसभा सीटों पर निर्दलीय गौ-भक्त उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे। इसके लिए "गौ मतदाता संकल्प यात्रा" भी निकाली गई है। उनका कहना था कि गाय सब जातियों और वर्गों के लिए समान है। इसलिए अगर सनातन धर्म की रक्षा करनी है तो सबसे पहले गौ माता की सुरक्षा करनी होगी।

भाजपा पर पलटवार - "गौ-हत्यारी कंपनियों से लिया चंदा"

शंकराचार्य ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि भाजपा ने शुरुआती दौर में गौ रक्षा का वादा कर हिंदुओं का वोट लिया, लेकिन सत्ता में आने के बाद उल्टा बूचड़खानों को बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा, "भाजपा की सरकार ने बूचड़खानों के लाइसेंस बढ़ाए, मशीनों को आधुनिक बनाने के लिए सब्सिडी दी और गौ-हत्यारी कंपनियों से चंदा लिया।"

कांग्रेस पर भी हमला

हालांकि भाजपा पर हमला बोलने के बावजूद शंकराचार्य ने कांग्रेस को भी नहीं छोड़ा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने भी कभी गौ माता के नाम पर वोट लिया और फिर धोखा दिया। उनका कहना था कि कांग्रेस ने दो जोड़ी बैल का चुनाव चिन्ह अपनाकर सत्ता पाई थी, लेकिन बाद में वही पार्टी गौ हत्या को बढ़ावा देने लगी।

शंकराचार्य ने साफ किया कि भाजपा वाले उन्हें कांग्रेसी कह रहे हैं क्योंकि उनके पास सवालों का जवाब नहीं है। उन्होंने कहा, "मैंने ही गंगा जी के लिए सबसे बड़ा आंदोलन चलाया था, मैं ही वह व्यक्ति हूं जिसने कांग्रेस के खिलाफ आवाज बुलंद की थी। राहुल गांधी को हिंदू धर्म से बहिष्कृत कराने वाला भी मैं ही हूं। फिर भी भाजपा मुझे कांग्रेसी कहती है।"

बिहार चुनाव 2025: शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद मैदान में, सभी 243 सीटों पर उतारेंगे उम्मीदवार

शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा था कि उनकी अगुवाई में प्रदेश की सभी 243 विधानसभा सीटों पर गौ भक्त निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने इस मुहिम की शुरुआत 'गौ मतदाता संकल्प यात्रा' से की थी। इस यात्रा के दौरान लोगों को संदेश दिया गया कि सनातन धर्म की रक्षा तभी संभव है जब समाज गौ माता की रक्षा के लिए संगठित होकर खड़ा होगा। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि शंकराचार्य का यह कदम न सिर्फ धार्मिक बल्कि सामाजिक-राजनीतिक समीकरणों पर भी गहरा असर डाल सकता है।

बिहार चुनाव में नया मोड़?

शंकराचार्य की इस प्रेस कॉन्फ्रेंस ने बिहार चुनाव की राजनीति को नया मोड़ दे दिया है। दशहरा के मौके पर जहां जेडीयू ने लालू यादव को 'रावण' कहा और भाजपा ने राहुल-तेजस्वी को 'कलयुग का रावण', वहीं अब शंकराचार्य ने हिंदुत्व और गौ रक्षा के मुद्दे पर पूरी तरह से मोर्चा खोल दिया है।

अब सवाल यह है कि क्या उनका "सनातनी राजनीति" का अभियान वास्तव में जनता को प्रभावित कर पाएगा, या यह चुनावी हलचल में सिर्फ एक और शोर साबित होगा।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+