Bihar Election 2025: पहले चरण के मतदान से पहले UP-बिहार बॉर्डर सील, इन वाहनों की आवाजाही पर रोक
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से ठीक 24 घंटे पहले सुरक्षा कारणों से उत्तर प्रदेश-बिहार सीमा को बिहार पुलिस ने पूरी तरह से सील कर दिया है। सीमा बंद होते ही उत्तर प्रदेश की ओर से बिहार में प्रवेश करने वाले सभी बड़े वाहनों-विशेष रूप से बस, ट्रक और अन्य कॉमर्शियल गाड़ियों-की आवाजाही पर तत्काल रोक लगा दी गई है।
इस सीलिंग के कारण, दिल्ली और पंजाब जैसे दूर-दराज के राज्यों से आने वाली एसी कोच बसें और दर्जनों मालवाहक ट्रक श्रीकलपुर चेक पोस्ट से आगे मेहरौना की ओर ही रोक दिए गए हैं। हालांकि, बिहार की तरफ से बड़े वाहनों को अभी भी जाने की अनुमति दी जा रही है। वहीं, उत्तर प्रदेश से बिहार में प्रवेश करने वाले छोटे वाहनों की भी सघन जांच-पड़ताल की जा रही है, जिसके बाद ही उन्हें सीमा में प्रवेश दिया जा रहा है।

चेक पोस्ट पर बदली सुरक्षा व्यवस्था
मतदान की तैयारियों के चलते सीमा चेक पोस्ट पर तैनात सुरक्षा बलों में भी बदलाव किया गया है। अब अर्द्धसैनिक बलों को चेक पोस्ट से हटाकर मतदान बूथों पर तैनात कर दिया गया है। चेक पोस्ट की सुरक्षा की जिम्मेदारी अब मुख्य रूप से बिहार पुलिस बल के जवानों और होमगार्ड के कर्मियों ने संभाल ली है।
अधिकारियों के आदेश पर कार्रवाई
गुठनी के सीओ (CO) डॉ. विकास कुमार ने इस संबंध में मीडिया को बताया कि मतदान से 24 घंटे पूर्व ही उत्तर प्रदेश और बिहार की सीमा को सील करने का निर्देश वरीय पदाधिकारियों द्वारा दिया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश से आने वाली सभी गाड़ियों की जांच-पड़ताल के लिए कड़े आदेश प्राप्त हुए हैं, और यह कार्रवाई वरीय पदाधिकारियों के निर्देशों के तहत की जा रही है।
उन्होंने आश्वस्त किया कि मतदान के दिन भी पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहेगा और वर्तमान में चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों को बूथों तक पहुंचाने का कार्य कराया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications