Bihar Election 2025: महागठबंधन का CM चेहरा होंगे तेजस्वी, मुकेश सहनी होंगे डिप्टी CM फेस, हुआ ऐलान
Bihar Election 2025 (Tejashwi Yadav CM Face): महागठबंधन की जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजद नेता तेजस्वी यादव को बिहार विधानसभा चुनाव के लिए महागठबंधन का मुख्यमंत्री चेहरा घोषित किया गया है। वहीं VIP प्रमुख मुकेश सहनी को महागठबंधन का उपमुख्यमंत्री चेहरा घोषित किया गया।
कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी है। अशोक गहलोत ने कहा, "सभी घटक दलों की राय को ध्यान में रखते हुए फैसला लिया गया है कि इस चुनाव में तेजस्वी यादव महागठबंधन के मुख्यमंत्री चेहरे होंगे।"

तेजस्वी यादव बोले- हमने तो बता दिया, NDA सीएम फेस कब बताएगा?
तेजस्वी यादव ने कहा कि लोग लगातार पूछ रहे थे कि महागठबंधन का CM फेस कौन होगा। उन्होंने साफ किया, "हम मुख्यमंत्री या सिर्फ सरकार बनाने के लिए नहीं आए हैं, हम बिहार को बदलने और सुधारने के लिए आए हैं।"
तेजस्वी ने अशोक गहलोत के बयान का हवाला देते हुए कहा कि हमने अपना CM फेस घोषित कर दिया है, अब बीजेपी कब बताएगी? उन्होंने सवाल उठाया कि अमित शाह ने कई बार कहा कि विधायक दल की बैठक में फैसला होगा, लेकिन इससे पहले ऐसा कभी नहीं हुआ। आखिर क्यों बीजेपी नीतीश कुमार को CM फेस घोषित नहीं कर रही?
तेजस्वी यादव बोले- भाजपा नीतीश कुमार को सीएम नहीं बनाने वाली है
जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी यादव ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, "हमने तो साफ कर दिया कि हमारा मुख्यमंत्री कौन होगा, लेकिन बीजेपी अब तक यह नहीं बता पाई कि नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाएगी या नहीं।" तेजस्वी ने सवाल उठाया कि अमित शाह बार-बार कहते हैं कि फैसला विधायक दल की बैठक में होगा, जबकि पहले कभी ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने कहा, "आखिर क्या वजह है जो बीजेपी नीतीश कुमार को सीएम फेस घोषित करने से बच रही है? अमित शाह खुद साफ कर चुके हैं कि यह नीतीश कुमार का आखिरी चुनाव है।"
तेजस्वी ने अपने कामों का जिक्र करते हुए कहा, "सिर्फ 17 महीनों में हमने कई काम पूरे किए। बिहार के लोगों का भरोसा हमारे साथ है। हमने पहले भी कहा है कि हमें 5 साल नहीं, बस 20 महीने का मौका दीजिए-हम अपने सारे वादे पूरे कर देंगे।"
तेजस्वी यादव बोले- 20 साल से NDA की सरकार है लेकिन फिर भी बिहार गरीब है
तेजस्वी यादव ने जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में नीतीश कुमार सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "पिछले 20 सालों से बिहार में एनडीए की सरकार है, लेकिन आज भी राज्य सबसे गरीब है और सबसे ज्यादा पलायन यहीं से होता है। इन 20 सालों में करीब 70 हजार हत्याएं हो चुकी हैं।"
तेजस्वी ने कहा, "थानों में लोगों की सुनवाई नहीं होती। अफसर विभाग चला रहे हैं, मंत्री नहीं। पेपर लीक की घटनाएं आम हो गई हैं, लेकिन किसी पर कोई कार्रवाई नहीं होती। सृजन घोटाला हो या बालिका गृह कांड-हर जगह सरकार की नाकामी साफ दिखती है।"
उन्होंने कहा, "बिहार में हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि पुल गिर रहे हैं, थानों में शराब पी जा रही है, पटना की सड़कों पर खुलेआम गोलियां चल रही हैं और बड़े उद्योगपतियों की हत्याएं हो रही हैं। यहां तक कि मेरे घर के बाहर और मुख्यमंत्री आवास के पास फायरिंग होती है, लेकिन कोई गिरफ्तार नहीं होता। यही बिहार की सच्चाई है।"












Click it and Unblock the Notifications