Bihar Chunav 2025: 'राहुल गांधी कभी छठ किए हैं क्या?' तेज प्रताप यादव बोले, 'विदेश भागने वाले क्या जाने'
Tej Pratap Yadav on Rahul Gandhi: बिहार में छठ पूजा खत्म हो चुकी है, लेकिन इसकी गूंज अब सियासी गलियारों में सुनाई दे रही है। महापर्व के बहाने एक बार फिर नेताओं के बीच जुबानी जंग छिड़ गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हालिया बयान पर अब जनशक्ति जनता दल (JJD) प्रमुख तेज प्रताप यादव ने तीखा तंज कसा है। उन्होंने कहा कि "राहुल गांधी छठ किए हैं क्या? जो आदमी हर वक्त विदेश भाग जाता है, उसे छठ मईया के पर्व का क्या ज्ञान होगा?"
पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान तेज प्रताप यादव ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, "जो लोग बिहार की मिट्टी से दूर हैं, उन्हें छठ पूजा का भाव कैसे समझ आएगा? यह पर्व आस्था, त्याग और विश्वास का है, न कि पब्लिसिटी का।" उन्होंने आगे जोड़ा, "छठ मईया का पर्व सिर्फ उपवास नहीं, यह भावनाओं का समर्पण है। राहुल गांधी को शायद ये चीजें किताबों में भी नहीं मिली होंगी।"

"मुकेश सहनी कौन है?" -तेज प्रताप की तीखी प्रतिक्रिया
मीडिया ने जब तेज प्रताप से वीआईपी पार्टी प्रमुख मुकेश सहनी के उस बयान पर सवाल पूछा जिसमें उन्होंने कहा था "तेज प्रताप यादव कौन हैं?" तो लालू यादव के बड़े बेटे आगबबूला हो गए। उन्होंने पहले पूछा, "किसका नाम लिया आपने?"
जब पत्रकारों ने बताया कि मुकेश सहनी का, तो तेज प्रताप ने दो टूक कहा, "मैं नहीं जानता कौन है मुकेश सहनी। उनके नाम से मेरा कोई लेना-देना नहीं।"
महनार में तेज प्रताप के काफिले पर पत्थरबाजी
तेज प्रताप यादव इन दिनों वैशाली के महनार विधानसभा क्षेत्र में चुनावी दौरे पर हैं। जानकारी के मुताबिक, महनार में उनकी सभा खत्म होने के बाद समर्थकों के बीच नारेबाजी हो गई। कुछ राजद समर्थकों ने "तेजस्वी जिंदाबाद" के नारे लगाना शुरू कर दिया, जिससे माहौल बिगड़ गया।
देखते ही देखते भीड़ ने तेज प्रताप के काफिले का पीछा किया और कुछ लोगों ने पत्थरबाजी भी कर दी। हालांकि, सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति को संभाल लिया।












Click it and Unblock the Notifications