Bihar Election 2025: 10 प्रतिशत आबादी का सेना में कंट्रोल, राहुल गांधी के बयान पर BJP हुई आगबबूला, दिया जवाब
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भाजपा सरकार पर बड़े पूंजीपतियों के लिए काम करने का आरोप लगाया है, जबकि किसान, मजदूर और गरीबों के अधिकारों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने बिहार के कुटुम्बा में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए भारतीय सेना को लेकर भी एक विवादित बयान दिया, जिस पर भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
राहुल गांधी ने दावा किया कि भारतीय सेना में देश की केवल 10 फीसदी आबादी का नियंत्रण है। उन्होंने कहा, "गौर से देखें तो देश की 90 फीसदी आबादी दलित, महादलित, पिछड़ी, अति पिछड़ी या अल्पसंख्यक समुदायों से है। 500 सबसे बड़ीं कंपनियों की लिस्ट निकालें तो आपको पिछड़े या दलित समुदायों का कोई भी व्यक्ति वहां नहीं मिलेगा। वे सभी शीर्ष 10 फीसदी से आते हैं।"

राहुल गांध ने आगे कहा, "सभी नौकरियां उन्हीं के पास जाती हैं। सेना पर उन्हीं 10 फीसदी लोगों का कंट्रोल है। आपको शेष 90 फीसदी आबादी का प्रतिनिधित्व कहीं नहीं मिलेगा।" इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है, और भाजपा ने इसे भारतीय सेना को जाति के आधार पर बांटने का प्रयास बताया है।
राहुल गांधी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, "बिहार के लोग पूरे देश में मजदूरी कर रहे हैं। देश के अलग-अलग हिस्से में बिहार के लोग बड़ी-बड़ी इमारतें, सड़कें, टनल, फैक्ट्रियां बनाते हैं। यानी सच यही है कि नीतीश कुमार ने यहां से रोजगार मिटाकर बिहार के लोगों को देश का मजदूर बना दिया है।"
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, "जैसे रिमोट से टीवी का चैनल बदल जाता है वैसे ही मोदी-शाह सीएम नीतीश कुमार का चैनल बदलते हैं।" इस टिप्पणी के माध्यम से उन्होंने नीतीश कुमार को भाजपा के इशारों पर चलने वाला बताया।
भाजपा नेता प्रदीप भंडारी ने राहुल गांधी के बयान की कड़ी आलोचना की। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा, "राहुल गांधी अब हमारी सशस्त्र सेनाओं को भी जाति के आधार पर बांटना चाहते हैं। भारतीय सेना, नौसेना और वायु सेना जाति, पंथ या वर्ग के आधार पर नहीं, बल्कि राष्ट्र प्रथम के लिए खड़ी हैं।"
भंडारी ने आगे लिखा, "राहुल गांधी हमारी बहादुर सशस्त्र सेनाओं से नफरत करते हैं। वे भारतीय सेना विरोधी हैं!" उन्होंने राहुल गांधी के इस बयान को सेना का अपमान बताया और उन पर देश की सुरक्षा को कमजोर करने का आरोप लगाया।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने यह भी दावा किया कि भाजपा ने नीतीश कुमार को "कैप्चर" कर रखा है और बिहार में अब नीतीश सरकार कभी नहीं बनेगी। उन्होंने दोहराया कि भाजपा की सरकार केवल बड़े पूंजीपतियों के लिए काम कर रही है, जबकि किसान, मजदूर और गरीबों के अधिकारों की अनदेखी की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications