Bihar Election 2025: राहुल गांधी आज किशनगंज में भरेंगे हुंकार, कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में करेंगे जनसभा
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा आम चुनाव के दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होना है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता इस चरण के प्रचार में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। यह चरण पश्चिमी और पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, नवादा, गया, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, कैमूर और रोहतास सहित कुल 20 जिलों में होगा।
राहुल गांधी की किशनगंज में जनसभा
कांग्रेस नेता और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज यानि 9 नवंबर को महागठबंधन के पक्ष में एक विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। यह जनसभा किशनगंज जिले के बहादुरगंज स्थित खेल स्टेडियम मैदान में सुबह ग्यारह बजे आयोजित होगी।

मुसब्बिर आलम के समर्थन में करेंगे जनसभा
राहुल गांधी यह सभा कांग्रेस प्रत्याशी प्रो. मुसब्बिर आलम के समर्थन में करेंगे। 9 नवंबर को चुनाव प्रचार का अंतिम दिन होने के कारण, सीमांचल क्षेत्र में कांग्रेस और राजद महागठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं में इस जनसभा को लेकर भारी उत्साह है। सभा स्थल पर स्टेज और पंडाल के निर्माण को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
सीमा पर सुरक्षा और प्रतिबंध
दूसरे चरण के मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी (डीएम) रिची पांडे ने 8 नवंबर शनिवार की सुबह 7 बजे से लेकर 11 नवंबर मंगलवार को मतदान समाप्ति तक इंडो-नेपाल बॉर्डर को पूरी तरह सील रखने का निर्देश दिया है।
यह सख्ती मतदान शुरू होने से 72 घंटे पहले लागू की गई है, हालांकि आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को छूट प्रदान की गई है। इसके अलावा, 9 नवंबर यानी आज शाम 6 बजे से जिले में सभी तरह की अनावश्यक आवाजाही पर सख्ती बढ़ जाएगी, क्योंकि यह मतदान समाप्ति के 48 घंटे पहले का समय है।
वाहन को तत्काल जब्त करने का निर्देश
प्रचार बंद होने के बाद भी किसी भी तरह के चुनावी वाहनों या प्रचार सामग्री के साथ पकड़े जाने पर वाहन को तत्काल जब्त करने का निर्देश दिया गया है। सीमा क्षेत्रों में किसी भी संदिग्ध गतिविधि को रोकने के लिए सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है।
दूसरे चरण में मतदाताओं की संख्या
दूसरे चरण के चुनाव में कुल 3,70,13,556 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1,95,44,041 पुरुष, 1,74,68,572 महिला और 943 थर्ड जेंडर के मतदाता शामिल हैं। इस चरण में कुल 45,399 बूथों पर मतदान होगा (45,388 सामान्य और 11 सहायक मतदान केंद्र)। चुनावी मैदान में कुल 1302 उम्मीदवार हैं, जिनमें 1165 पुरुष, 136 महिला और 1 थर्ड जेंडर के उम्मीदवार शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications