Bihar Election: 'मोदी के हाथ में नीतीश का रिमोट कंट्रोल, बटन दबाते ही CM बोलने लगते हैं', राहुल गांधी का वार
Bihar Election 2025 (Rahul Gandhi): लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार (30 अक्टूबर) को नालंदा के नूरसराय में चुनावी सभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला। राहुल ने कहा कि बिहार में असली सत्ता पटना नहीं, दिल्ली से चलती है।
राहुल ने कहा, ''नीतीश कुमार खुद कोई फैसला नहीं लेते, सब कुछ दिल्ली से रिमोट कंट्रोल पर होता है। पीएम मोदी बटन दबाते हैं और नीतीश बोलने लगते हैं।'' राहुल गांधी ने नीतीश कुमार के "बदलते बिहार" के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा, "वे कहते हैं कि 20 साल में बिहार बदल गया। लेकिन क्या बिहार में अच्छी शिक्षा या स्वास्थ्य सुविधा मिलती है? यहां के अस्पतालों में लोग जीने नहीं, मरने जाते हैं।"

उन्होंने कहा कि बिहार का युवा मेहनत करता है, लेकिन परीक्षा के एक दिन पहले पेपर लीक हो जाता है। राहुल ने कहा, "ईमानदार युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है, और सरकार चुप है।"
LIVE: Public Meeting | Nalanda, Bihar https://t.co/EsawdFcL2S
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) October 30, 2025
"दुबई बना सकते हैं तो बिहार क्यों नहीं?"
राहुल ने बिहार के युवाओं से सीधा सवाल पूछा, "आपने अपने खून-पसीने से दुबई जैसे शहर बनाए, बेंगलुरु जैसे आईटी हब को खड़ा किया। जब आप दूसरे प्रदेशों को बदल सकते हैं, तो बिहार क्यों नहीं?" उन्होंने कहा कि एक वक्त नालंदा यूनिवर्सिटी दुनिया की शिक्षा का केंद्र थी, लेकिन आज बिहार की यूनिवर्सिटियों में सिर्फ पेपर लीक की चर्चा होती है। सेटिंग वालों को पेपर मिलता है, मेहनत करने वाले युवाओं को धोखा।"
"छठ पूजा पर मोदी का ड्रामा"
पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी बोले, "मोदी जी छठ पूजा का ड्रामा कर रहे हैं। यमुना में नहीं, स्विमिंग पूल में नहाने गए थे। बिहार की संस्कृति से उनका कोई लेना-देना नहीं है। ये सिर्फ वोट का नाटक है।" राहुल ने कहा कि "मोदी वोट के लिए मंच पर नाच भी सकते हैं। बिहार की परंपरा से उन्हें कोई मतलब नहीं, उन्हें बस सत्ता चाहिए।"
"PM में दम होना चाहिए, ट्रंप के आगे झुकते हैं मोदी"
राहुल गांधी ने मोदी की विदेश नीति पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा, "डोनाल्ड ट्रंप ने कई बार कहा कि मैंने मोदी को झुका दिया। मोदी जी ने कभी विरोध नहीं किया। इंदिरा गांधी ने अमेरिका को चुप करा दिया था, लेकिन मोदी डरते हैं।" उन्होंने कहा कि "प्रधानमंत्री में दम होना चाहिए, जो देश के सम्मान के लिए खड़ा हो सके, न कि विदेशी नेताओं से डर जाए।"
"वोट चोरी नहीं करते तो हमारी सरकार होती"
राहुल गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र और हरियाणा की तरह बिहार में भी वोट चोरी की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा, "अगर ये वोट चोरी नहीं करते, तो आज हमारी सरकार होती। अब जनता इनसे हिसाब लेगी,"
"बिहार में अडाणी को 1 रुपये में जमीन दी"
राहुल ने अडाणी समूह को लेकर भी नीतीश-मोदी सरकार पर हमला किया। उन्होंने कहा, "भागलपुर में अडाणी को सिर्फ 1 रुपए में जमीन दे दी गई। ये सरकार किसानों की नहीं, उद्योगपतियों की है। गरीब से छीनकर अमीरों को देना इनका काम बन गया है।"
"मेड इन बिहार" की बात
राहुल ने कहा कि अब वक्त है कि "मेड इन चाइना" नहीं, "मेड इन बिहार" लिखा जाए। उन्होंने कहा, "हम चाहते हैं कि चीन के लोग भी 'मेड इन बिहार' चीजें खरीदें, मोबाइल, कपड़े, पैंट, सब कुछ यहीं बने। बिहार के युवाओं को रोजगार यहीं मिले।"
राहुल गांधी की नालंदा रैली में तीखे हमलों और भावनात्मक अपील के साथ कांग्रेस ने बिहार चुनाव 2025 की जंग में नया रंग डाल दिया है। उन्होंने साफ कहा कि बिहार में असली बदलाव तभी आएगा जब "रिमोट कंट्रोल की राजनीति" खत्म होगी।












Click it and Unblock the Notifications