Bihar Chunav: 'जंगलराज के नेताओं को 65 वोल्ट का झटका लगा', पहले फेज की बंपर वोटिंग पर PM मोदी का बड़ा बयान
Bihar Chunav 2025 (PM Narendra Modi): बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में मतदाताओं ने जोश और रिकॉर्ड तोड़ भागीदारी से सबको चौंका दिया है। 121 सीटों पर हुए मतदान में 65.08 प्रतिशत वोट पड़े, जो बिहार की चुनावी इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इस बंपर वोटिंग पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार (08 नवंबर) को सीतामढ़ी की रैली में विपक्ष पर करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि पहले फेज की वोटिंग देखकर जंगलराज के नेताओं को 65 वोल्ट का झटका लगा है।
'कट्टा नहीं, लैपटॉप चाहिए बिहार के बच्चों को'
सीतामढ़ी की चुनावी सभा में पीएम मोदी ने बिना नाम लिए RJD पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा -"क्या बिहार के बच्चों को रंगदार बनना चाहिए या डॉक्टर-इंजीनियर?" पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि राजद के प्रचार गीतों में बच्चों से कहलवाया जा रहा है, 'हमको रंगदार बनना है।' ये बिहार के भविष्य को अंधेरे में धकेलने वाली सोच है। उन्होंने कहा, "हम बच्चों के हाथ में लैपटॉप देना चाहते हैं और ये जंगलराज वाले बच्चों को कट्टा-दुनाली पकड़ा रहे हैं। ये फर्क है हमारे विजन और इनके मिशन में।"

'जंगलराज का मतलब है कट्टा, करप्शन और कुशासन'
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जंगलराज का असली मतलब है -कट्टा, क्रूरता, कटुता, कु:संस्कार और करप्शन। उन्होंने कहा कि ये वही लोग हैं जिन्होंने बिहार को अपराध, भ्रष्टाचार और भय की राजनीति में झोंक दिया। जहां ऐसे लोग शासन में होते हैं, वहां कानून दम तोड़ देता है और समाज में सद्भावना खत्म हो जाती है।
मोदी ने कहा, "RJD और कांग्रेस ने वर्षों तक बिहार पर राज किया, लेकिन जनता को सिर्फ विश्वासघात मिला। ना उद्योग लगे, ना अस्पताल बने, ना रोजगार मिला। इन लोगों ने बिहार के युवाओं का भविष्य बंद कर दिया।"
'15 साल के जंगलराज में एक भी बड़ा उद्योग नहीं लगा'
पीएम मोदी ने कहा कि RJD के शासनकाल में विकास की बात करना मजाक से कम नहीं है। उन्होंने कहा, "15 साल के जंगलराज में एक भी बड़ा उद्योग बिहार में नहीं लगा। मिथिला की मिलें और फैक्ट्रियां तक बंद हो गईं। बड़े अस्पताल, मेडिकल कॉलेज तो छोड़िए, पटना से बाहर कोई बड़ा रोजगार केंद्र तक नहीं बनाया गया।"
उन्होंने कहा कि ये लोग विकास की ABCD भी नहीं जानते, लेकिन बिहार की जनता अब सब समझती है। इस बार जनता ऐसे कुशासन के खिलाफ मतदान कर रही है।
'बिहार के विकास के बिना विकसित भारत अधूरा'
पीएम मोदी ने अपने भाषण में कहा कि बिहार के विकास के बिना विकसित भारत की कल्पना अधूरी है। उन्होंने कहा, "RJD और कांग्रेस बिहार को कभी आगे नहीं बढ़ा सकते। ये वही ताकतें हैं जिन्होंने शिक्षा, उद्योग और प्रशासन हर क्षेत्र में बिहार को पीछे धकेला है। अब बिहार को नए विजन और नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ना होगा।"
'65 वोल्ट का झटका' बना चुनावी चर्चा का मुद्दा
पीएम मोदी का "65 वोल्ट का झटका" वाला बयान अब बिहार के सियासी गलियारों में चर्चा का बड़ा विषय बन गया है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि पहले फेज में रिकॉर्ड वोटिंग NDA के लिए राहत की खबर हो सकती है, जबकि महागठबंधन के लिए यह चेतावनी है।
मतदान प्रतिशत में 8 प्रतिशत की बढ़ोतरी यह बताती है कि बिहार की जनता बदलाव के मूड में है। महिला मतदाताओं की बड़ी भागीदारी भी इस बार का मुख्य फैक्टर बनकर उभरी है।












Click it and Unblock the Notifications