Bihar Election Phase 1: वोट डालने जा रहे हैं तो मोबाइल लेकर जा सकते हैं, जान लीजिए कहां जमा करवाना होगा
Bihar Election 2025 Phase 1: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले फेज की वोटिंग आज यानी 6 नवंबर की सुबह 7 बजे से शुरू हो गई है। 18 जिलों की 121 सीटों पर शाम 5 बजे तक मतदान होगा। इस चरण में 1314 उम्मीदवारों की किस्मत 3.75 करोड़ वोटर्स के हाथों में है। कुल 45,341 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिन पर वोटिंग शांतिपूर्वक कराने के लिए चार लाख से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।
अब बात उस सवाल की जो हर वोटर के मन में है-क्या वोटिंग के वक्त मोबाइल साथ ले जा सकते हैं? जवाब है-हां, ले जा सकते हैं! चुनाव आयोग ने इस बार वोटर्स की सुविधा के लिए खास इंतजाम किए हैं। मतदान केंद्र के बाहर अब मोबाइल जमा करने के लिए डिपॉजिट काउंटर बनाए गए हैं। यानी आप बूथ तक मोबाइल लेकर जा सकते हैं, लेकिन वोट डालते वक्त उसे अंदर नहीं ले जा सकते।

बूथ के बाहर बने काउंटर पर अपना मोबाइल जमा करें, टोकन लें और निश्चिंत होकर मतदान करें। इससे न केवल सुरक्षा बनी रहेगी बल्कि मतदाताओं को अपने मोबाइल खोने की चिंता भी नहीं होगी।
वोटिंग से पहले ये भी जान लीजिए
मतदान केंद्रों के बाहर राजनीतिक दलों को 100 मीटर की दूरी पर वोटर पर्ची वितरण केंद्र लगाने की अनुमति दी गई है। वहीं हर मतदान भवन के अंदर एक मतदाता हेल्पडेस्क बनाया गया है, जहां बीएलओ मौजूद रहेंगे। यहां आप अपनी वोटर लिस्ट की डिटेल चेक कर सकते हैं और किसी भी गड़बड़ी की जानकारी दे सकते हैं।
ऐसे पता करें अपना पोलिंग बूथ
- अगर आपको अब तक यह नहीं पता कि आपका वोटिंग बूथ कहां है, तो Election Commission of India की वेबसाइट https://electoralsearch.eci.gov.in पर जाएं।
- यहां अपना EPIC नंबर डालें और राज्य में "Bihar" चुनें।
- Captcha कोड भरें और Search पर क्लिक करें।
- कुछ ही सेकंड में आपके बूथ का नाम, पता और आपकी पूरी जानकारी स्क्रीन पर आ जाएगी।
इंटरनेट नहीं है? फिर भी पता चल जाएगा आपका बूथ
अगर आपके पास इंटरनेट नहीं है तो परेशान न हों। आप अपने इलाके के Booth Level Officer (BLO) से सीधे जानकारी ले सकते हैं। कई जगहों पर सार्वजनिक स्थलों पर QR Code भी लगाए गए हैं, जिन्हें स्कैन करके आप अपने बूथ का पता तुरंत जान सकते हैं। इसके अलावा, आप अपने जिले के District Election Office में जाकर भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
पहले चरण की वोटिंग में कई हाई प्रोफाइल सीटें
पहले चरण की वोटिंग में कई हाई प्रोफाइल सीटें हैं। तेजस्वी यादव, तेजप्रताप यादव, सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा और अनंत सिंह जैसे दिग्गज नेताओं का राजनीतिक भविष्य आज तय होने जा रहा है। इस चरण में दो डिप्टी सीएम और 18 मंत्रियों की साख भी दांव पर लगी है। 104 सीटों पर सीधा मुकाबला है, जबकि 17 सीटों पर त्रिकोणीय टक्कर देखने को मिल रही है। बिहार की 243 सीटों पर दो फेज में चुनाव हो रहे हैं और नतीजे 14 नवंबर को आएंगे।
वोट डालना आपका अधिकार है और इस बार मोबाइल की वजह से अब कोई दिक्कत नहीं होगी। बस बूथ तक मोबाइल साथ रखें, बाहर बने काउंटर पर जमा करें और गर्व के साथ अपने लोकतांत्रिक अधिकार का इस्तेमाल करें।












Click it and Unblock the Notifications