Bihar Election 2025: पवन सिंह क्यों नहीं लड़ रहे हैं बिहार चुनाव? हो गया खुलासा, BJP नेता ने बताया प्लान
Bihar Election 2025 (Pawan Singh): भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और चर्चित सिंगर पवन सिंह इस बार बिहार विधानसभा चुनाव के मैदान में नहीं उतर रहे हैं। जब उन्होंने चुनाव से दूरी बनाई, तो हर कोई यही पूछने लगा कि आखिर ऐसा क्यों? अब इस सवाल का जवाब खुद बीजेपी के दिग्गज सांसद मनोज तिवारी ने दे दिया है। उन्होंने खुलासा किया कि पवन सिंह का फोकस विधानसभा नहीं, बल्कि लोकसभा चुनाव पर है।
मनोज तिवारी ने बताया पवन सिंह का बड़ा प्लान
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने शुक्रवार को बताया कि पवन सिंह ने खुद विधानसभा चुनाव लड़ने से इनकार किया है। उन्होंने कहा, "पवन सिंह विधायक नहीं, सांसद बनना चाहते हैं। वो बड़ा चुनाव लड़ना चाहते हैं और आगे हम उन्हें सही जगह से चुनाव लड़वाएंगे।"

मनोज तिवारी ने यह भी कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने ही पवन सिंह को आसनसोल से बीजेपी का टिकट दिलवाया था। हालांकि, बाद में पवन सिंह ने बगावत कर टिकट ठुकरा दिया और काराकाट से निर्दलीय मैदान में उतर गए, जहां उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
BJP में पवन सिंह की वापसी और उपेंद्र कुशवाहा से सुलह
लोकसभा चुनाव में बगावत के बाद बीजेपी ने पवन सिंह को पार्टी से बाहर कर दिया था, लेकिन बिहार विधानसभा चुनाव से पहले तस्वीर बदल गई। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी नेतृत्व ने आरएलएम प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा से पवन सिंह की सुलह करवाई और पिछले महीने उन्हें दोबारा बीजेपी में शामिल कर लिया गया।
मनोज तिवारी ने दावा किया कि बिहार में एनडीए की स्थिति बेहद मजबूत है। उन्होंने कहा, "हम 200 सीटों की मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी जो स्थिति है, उससे साफ है कि एनडीए 175 से ज्यादा सीटें जीतने की ओर बढ़ रहा है।"
पत्नी ज्योति सिंह ने खेसारी लाल से मांगी मदद
वहीं, पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह काराकाट सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रही हैं। वह घर-घर जाकर जनसंपर्क कर रही हैं और उन्होंने हाल ही में खेसारी लाल यादव से अपने प्रचार के लिए मदद मांगी है।
ज्योति ने बताया कि उनकी खेसारी से फोन पर बात हुई थी। उन्होंने कहा, "खेसारी भइया ने कहा था कि भाभी, जहां जरूरत हो, बताइएगा, मैं जरूर आऊंगा। अब मैं उनसे अनुरोध करूंगी कि मेरे प्रचार में एक दिन का समय जरूर निकालें।"
पवन-ज्योति विवाद और लखनऊ वाला हंगामा
पवन सिंह और ज्योति सिंह के बीच विवाद किसी से छिपा नहीं है। कुछ दिन पहले ज्योति अपने पति से मिलने लखनऊ के फ्लैट पर पहुंचीं, जहां दोनों के बीच लंबी बातचीत हुई। इसके बाद पुलिस पहुंची और वहां जमकर हंगामा हुआ। ज्योति ने एक वीडियो जारी कर कहा, "पवन जी ने मेरे खिलाफ FIR कराई है, मैं बहुत परेशान हूं। अब इस घर से मेरी लाश ही निकलेगी।" यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, जिसके बाद कई फैंस ने दोनों को सुलह की सलाह दी।
ज्योति ने चुनाव खर्च के लिए मांगी पब्लिक से मदद
ज्योति सिंह ने 23 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर लोगों से चुनावी फंड में मदद की अपील की थी। उन्होंने लिखा था, "मैं एक सामान्य महिला हूं, समाज में राम और कृष्ण को भी बहुत कुछ सहना पड़ा। कुछ लोग मुझे गलत कह रहे हैं, लेकिन मैं सच के लिए लड़ूंगी।"
बाद में उन्होंने यह पोस्ट डिलीट कर दी, लेकिन तब तक सोशल मीडिया पर उनके बयान पर बहस छिड़ गई थी। किसी ने उनके साहस की तारीफ की, तो किसी ने तंज कसते हुए लिखा, "भारत कभी अमेरिका या जापान नहीं बन सकता, यहां चुनाव लड़ने वालों को भी जनता से चंदा मांगना पड़ता है।"
अब आगे क्या?
भले ही पवन सिंह ने इस बार विधानसभा चुनाव से दूरी बना ली हो, लेकिन मनोज तिवारी के बयान से यह साफ है कि बीजेपी उनके लिए कोई बड़ा चुनावी रोल तैयार कर रही है। वहीं, ज्योति सिंह का प्रचार अभियान और खेसारी से मदद की अपील यह दिखा रही है कि इस चुनाव में भोजपुरी इंडस्ट्री का ग्लैमर तड़का अब भी बरकरार है।












Click it and Unblock the Notifications