Bihar Election: नीतीश या तेजस्वी? आज हुए बिहार चुनाव तो कौन जीतेगा? क्या कहते हैं 5 ओपिनियन पोल के आंकड़े
Bihar Election 2025 opinion poll: बिहार में साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं। बिहार में इस बार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) और महागठबंधन में कांटे की टक्कर होने वाली है। बिहार चुनाव के लिए अब-तक कई ओपिनियन पोल आए हैं, जिसमें NDA को फिलहाल बढ़त मिलते दिख रही है पर नीतीश कुमार की लोकप्रियता में गिरावट के भी संकेत मिले हैं।
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव युवा मतदाताओं के बीच लोकप्रिय हो रहे हैं। पर कांग्रेस-राजद गठबंधन कमजोर दिख रहा है। प्रशांत किशोर और अन्य नए चेहरे विकल्प के रूप में उभर रहे हैं। बिहार चुनाव में इस बार भी महिलाएं और युवा निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं। सर्वे के मुताबिक महिलाओं का समर्थन नीतीश कुमार को है लेकिन युवाओं का समर्थन तेजस्वी यादव को मिलता दिख रहा है। ऐसे में आइए देखें क्या कहते हैं 5 ओपिनियन पोल के आंकड़े।

🔵 1. India Today-CVoter MOTN opinion poll: एनडीए या इंडिया ब्लॉक किसको फायदा?
इंडिया टुडे-सीवोटर ने फरवरी 2025 में 'मूड ऑफ द नेशन' सर्वे कराए थे। इसके मुताबिक अगर बिहार में लोकसभा चुनाव होते हैं, तो भाजपा के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) राज्य की 40 में से 33 से 35 सीटें जीत सकता है। वहीं, विपक्षी 'महागठबंधन' (जिसमें कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल शामिल हैं) को केवल 5 से 7 सीटें मिलने की संभावना है। यह सर्वे 2 जनवरी से 9 फरवरी 2025 के बीच 1,25,123 लोगों के बीच किया गया था।
सर्वे में यह भी पाया गया कि एनडीए का वोट शेयर 2024 के 47% से बढ़कर वर्तमान में 52% हो सकता है। जबकि 'इंडिया' ब्लॉक का वोट शेयर 39% से बढ़कर 42% होने का अनुमान है।
सीवोटर के संस्थापक-निदेशक यशवंत देशमुख के मुताबिक अगर भाजपा, जनता दल (यूनाइटेड) और लोक जनशक्ति पार्टी एकजुट रहते हैं, तो बिहार विधानसभा चुनाव में उन्हें सत्ता से हटाना कठिन होगा। बिहार में मतदान पैटर्न जाति समीकरणों पर आधारित है और दिल्ली जैसे विभाजित मतदान का चलन नहीं है।
राजनीतिक विश्लेषक मनीषा प्रियम ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लिए आगामी चुनाव चुनौतीपूर्ण होंगे। उनके मुताबिक नीतीश कुमार की राजनीतिक रणनीतियां अब प्रभावी नहीं रहीं, और भाजपा बिहार में सत्ता में आ सकती है।
🔵 2. C-Voter Bihar Election survey: नीतीश या तेजस्वी, कौन मारेगा बाजी?
26 फरवरी 2025 को प्रकाशित सीवोटर सर्वे के बिहार में आगामी विधानसभा चुनावों पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की लोकप्रियता में गिरावट देखी गई है। सर्वेक्षण में केवल 18% लोगों ने उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में फिर से देखना चाहा। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव को 41% लोगों ने मुख्यमंत्री पद के लिए अपनी पहली पसंद बताया। जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर को 15% समर्थन मिला, जबकि भाजपा के सम्राट चौधरी को 8% और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान को 4% लोगों ने पसंद किया।
मुख्यमंत्री पद के लिए जनता की पसंद कौन?
- तेजस्वी यादव (राष्ट्रीय जनता दल): 41%
- नीतीश कुमार (जनता दल यूनाइटेड): 18%
- प्रशांत किशोर (जन सुराज): 15%
- सम्राट चौधरी (भारतीय जनता पार्टी): 8%
- चिराग पासवान (लोक जनशक्ति पार्टी): 4%
नीतीश कुमार की विश्वसनीयता में कमी आई: सर्वे
इस सर्वे में यह भी पाया गया कि 58% लोगों का मानना है कि नीतीश कुमार की विश्वसनीयता में काफी कमी आई है, जबकि 13% ने कुछ हद तक कमी महसूस की और 21% ने कोई बदलाव नहीं देखा। सर्वे में यह भी संकेत मिला कि 50% उत्तरदाता वर्तमान सरकार से नाराज हैं और बदलाव चाहते हैं, जबकि 22% नाराज हैं लेकिन बदलाव नहीं चाहते। 25% ने न तो नाराजगी जताई और न ही बदलाव की इच्छा व्यक्त की है।
बिहार विधानसभा चुनाव में प्रमुख चुनावी मुद्दे
- बेरोजगारी: 45%
- महंगाई: 11%
- बिजली, पानी और सड़कें: 10%
- कृषि और भ्रष्टाचार: 4%
🔵 3. Bihar opinion poll : इस बार कौन मारेगा बाजी?
अप्रैल 2025 में जारी किए गए C-वोटर सर्वे मुताबिक आगामी बिहार विधानसभा चुनावों में मुख्यमंत्री पद के लिए जनता की पहली पसंद तेजस्वी यादव हैं। हालांकि, उनकी लोकप्रियता में फरवरी से अप्रैल 2025 के बीच गिरावट देखी गई है।
मुख्यमंत्री पद के लिए जनता की पसंद (फरवरी बनाम अप्रैल 2025)
- 1 तेजस्वी यादव (RJD) 40.6% (फरवरी), 35.5 %(अप्रैल )
- 2 प्रशांत किशोर (जन सुराज) 14.9%(फरवरी), 17.2 %(अप्रैल )
- 3 नीतीश कुमार (JDU) 18.4%(फरवरी), 15.4% (अप्रैल )
- 4 सम्राट चौधरी (BJP) 8.2%(फरवरी),12.5%(अप्रैल )
- 5 चिराग पासवान (LJP) 3.7% (फरवरी), 5.8% (अप्रैल )
- तेजस्वी यादव: हालांकि वे टॉप पर हैं, उनकी लोकप्रियता में लगभग 5% की गिरावट आई है। विशेषज्ञों के मुताबिक, कांग्रेस की आक्रामकता और RJD के प्रचार की कमी इसके कारण हो सकते हैं।
- प्रशांत किशोर: उनकी लोकप्रियता में बढ़ोतरी देखी गई है, जो नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव की लड़ाई का लाभ उठा रहे हैं। हालांकि, यह जरूरी नहीं कि यह वोटों में भी बदले।
- नीतीश कुमार: उनकी लोकप्रियता में गिरावट के कारणों में स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं, बार-बार गठबंधन बदलना और NDA द्वारा स्पष्ट मुख्यमंत्री चेहरे की घोषणा न करना शामिल हैं।
- सम्राट चौधरी और चिराग पासवान: दोनों नेताओं की लोकप्रियता में बढ़ोतरी हुई है, जो NDA में मुख्यमंत्री पद के संभावित दावेदारों के रूप में उभर रहे हैं।
🔵 4. InkInsight opinion poll 2025: महिला और युवा इस बार किसे करेंगे वोट?
इंकइनसाइट मई 2025 हालिया ओपिनियन पोल के मुताबिक बिहार में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर मतदाताओं का मिजाज बंटा हुआ लग रहा है। जहां महिलाएं मुख्यमंत्री पद के लिए नीतीश कुमार को प्राथमिकता देती हैं, वहीं युवा मतदाता तेजस्वी यादव को इस पद के लिए पसंद करते हैं।
महिलाओं का समर्थन नीतीश कुमार को
सर्वे के मुताबिक बिहार की महिला मतदाताओं में नीतीश कुमार की लोकप्रियता बनी हुई है। उनकी सरकार द्वारा शुरू की गई योजनाएं, जैसे कि महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम और सामाजिक कल्याण योजनाएं, महिलाओं के बीच उनकी सकारात्मक छवि बनाए रखने में सहायक रही हैं।
युवाओं की पसंद: तेजस्वी यादव
दूसरी ओर, युवा मतदाता तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनते देखना चाहते हैं। उनकी पार्टी द्वारा युवाओं के लिए रोजगार, शिक्षा और विकास के मुद्दों पर जोर देने से उन्हें युवाओं का समर्थन मिल रहा है।
🔵 5. JVC survey: NDA को 136 सीटें जीतने का अनुमान
जुलाई-अगस्त 2025 के बीच कराए गए JVC सर्वे के मुताबिक बिहार की 245 सीटों में से NDA को 136 सीटें जीत सकती है। वहीं विपक्षी महागठबंधन 75 सीटों पर सिमट सकती है। पोल में ये भी बताया गया है कि मुख्यमंत्री के तौर पर 30 फीसदी लोग चाहते हैं कि तेजस्वी यादव सीएम बनें और 23% लोग चाहते हैं कि नीतीश कुमार एक बार फिर से मुख्यमंत्री बनें।












Click it and Unblock the Notifications