बिहार चुनाव से पहले नीतीश सरकार का बड़ा फैसला, अगले 5 सालों में मिलेंगी 1 करोड़ नौकरियां और रोजगार के अवसर
Bihar Election 2025 (Nitish Kumar) : बिहार सरकार ने युवाओं को बड़ा तोहफा देते हुए घोषणा की है कि 2025 से 2030 के बीच राज्य में 1 करोड़ नई नौकरियों और रोजगार के अवसर तैयार किए जाएंगे। इस महत्वाकांक्षी लक्ष्य को हासिल करने के लिए सरकार एक उच्चस्तरीय समिति गठित करेगी, जिसकी अध्यक्षता विकास आयुक्त करेंगे। नीतीश कुमार की सरकार ने 30 अहम प्रस्तावों को भी मंजूरी दी है।
यह समिति यह तय करेगी कि रोजगार बढ़ाने के लिए किन-किन क्षेत्रों में काम किया जा सकता है और सरकार को उचित सुझाव भी देगी। इस पहल से राज्य के युवाओं को आर्थिक मजबूती मिलेगी, वहीं उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे राज्य में निवेश के नए रास्ते खुलेंगे।

कैबिनेट बैठक में कई अहम फैसले
यह फैसला मंगलवार (15 जुलाई) को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में लिया गया। बैठक में कुल 30 एजेंडों को मंजूरी दी गई। इनमें एक अहम फैसला ये भी भी था कि वोटर लिस्ट वेरिफिकेशन में लगे BLO और सुपरवाइजरों को उनके सालाना मानदेय के अतिरिक्त 6,000 रुपये अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
पहले भी किया था ऐलान
इससे पहले रविवार (13 जुलाई) को सीएम नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट कर यह जानकारी दी थी कि 2005 से 2020 के बीच बिहार में 8 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
उन्होंने लिखा था, ''अब हम अगले 5 वर्षों (2025 से 2030) में इस लक्ष्य को दोगुना करने की दिशा में काम करेंगे। इसके तहत सरकारी नौकरियों के साथ-साथ निजी क्षेत्र, विशेषकर उद्योगिक क्षेत्रों में भी रोजगार के नए अवसर तैयार किए जाएंगे।''
उच्चस्तरीय समिति और नई यूनिवर्सिटी का गठन
इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए सरकार एक उच्च स्तरीय समिति का गठन करेगी, जो रोजगार बढ़ाने की दिशा में सुझाव देगी और योजनाएं तैयार करेगी।
नीतीश कुमार ने यह भी बताया कि राज्य में "जननायक कर्पूरी ठाकुर स्किल यूनिवर्सिटी" की स्थापना की जाएगी, जो युवाओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार योग्य बनाएगी। यह यूनिवर्सिटी राज्य के प्रतिष्ठित नेता कर्पूरी ठाकुर की स्मृति में स्थापित की जाएगी।
'सात निश्चय' योजना का होगा विस्तार
सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य में 'सात निश्चय' कार्यक्रम के तहत पहले से ही युवाओं को स्किल डेवलपमेंट ट्रेनिंग दी जा रही है, ताकि वे स्वरोजगार से जुड़ सकें। आने वाले 5 वर्षों में इस योजना को और विस्तार दिया जाएगा।
सरकार की प्राथमिकता: रोजगार
सीएम नीतीश कुमार ने एक बार फिर दोहराया कि युवाओं को नौकरी और रोजगार के अवसर देना उनकी सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications