झारखंड में दिया था साथ, अब बिहार में 'रिटर्न गिफ्ट' मांग रही JMM! RJD से मांगी इतनी सीटें, क्या बढ़ेगी तकरार?
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, महागठबंधन के भीतर सीट बंटवारे को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) से 12 सीटों की मांग की है।
दिलचस्प बात ये है कि JMM बिहार में महागठबंधन का आधिकारिक हिस्सा नहीं है, लेकिन झारखंड में उसने RJD को मंत्री पद और सीटों का तोहफा दिया था। अब वो उस 'फेवर' का 'रिटर्न गिफ्ट' मांग रही है। रिपोर्ट के मुताबिक JMM ने 12 संभावित सीटों की लिस्ट भी RJD को दे दी है।

द इंडियन एक्सप्रेस ने सूत्रों के हवाले से लिखा सीटों के बंटवारे को लेकर JMM और RJD के बीच अनौपचारिक चर्चा हुई है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक दोनों दलों के बीच कोई औपचारिक बैठक नहीं हुई है।
2020 में अकेले लड़ा था JMM, इस बार साथ की उम्मीद
2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में JMM ने महागठबंधन में शामिल होने की कोशिश की थी, लेकिन बात नहीं बनी और उसने अकेले 5 सीटों-पिरपैंती, कठोरिया, झाझा, चकाई और मनीहारी-से चुनाव लड़ा। हालांकि, एक भी सीट नहीं जीत सका। पार्टी को सबसे ज्यादा चकाई में 8.96% वोट मिले थे। लेकिन इस बार JMM ने 12 संभावित 'मजबूत सीटों' की सूची RJD को सौंप दी है, जिनमें तारापुर, बेलहर, कठोरिया, चकाई, झाझा, धमदाहा और मनीहारी प्रमुख हैं।
हाल ही में पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने JMM को बिहार के महागठबंधन में शामिल किए जाने की वकालत की है। कांग्रेस से जुड़े पप्पू यादव ने कहा, "कांग्रेस चाहती है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा महागठबंधन का हिस्सा बने। हेमंत सोरेन (JMM प्रमुख और झारखंड के मुख्यमंत्री) को हमारे साथ आना चाहिए। 2 से 2.5% मतदाता हेमंत सोरेन को अपना नेता मानते हैं।"
झारखंड का हवाला देकर बढ़ाया दबाव
JMM का कहना है कि 2024 में झारखंड में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान उसने RJD को 6 सीटें दी थीं और सत्ता में भागीदारी भी सुनिश्चित की थी। इस सहयोग के बदले अब वो बिहार में सीटें चाहता है। JMM का यह तर्क है कि गठबंधन की भावना सिर्फ एकतरफा नहीं होनी चाहिए।
महागठबंधन में सीटों को लेकर बढ़ेगी खींचतान?
JMM की इस मांग ने महागठबंधन की परेशानी बढ़ा दी है। कांग्रेस पहले ही 70 सीटों पर दावा ठोक चुकी है, जो उसने 2020 में भी लड़ी थीं। वहीं RJD कांग्रेस को 50-55 सीटों से ज्यादा देने को तैयार नहीं है। CPI(ML), CPI और CPI(M) जैसे अन्य दल भी अपने-अपने हिस्से की मांग कर रहे हैं।
2020 के विधानसभा चुनाव के आंकड़े क्या कहते हैं?
2020 के चुनाव में NDA ने 125 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी, जबकि महागठबंधन को 110 सीटें मिली थीं। RJD ने 144 सीटों में से 75 जीती थीं और सबसे बड़ी पार्टी बनी थी। कांग्रेस को 70 में से केवल 19 सीटें मिली थीं। अब देखना होगा कि क्या JMM को बिहार में हिस्सेदारी मिलती है या सीटों के इस बंटवारे में महागठबंधन की एकजुटता पर सवाल खड़े होते हैं।












Click it and Unblock the Notifications