Bihar Chunav 2025: नीतीश के पूर्व निजी सचिव IAS दिनेश कुमार राय लड़ेंगे बिहार चुनाव, इस सीट से उतरने की तैयारी
IAS Dinesh Kumar Rai (Bihar Chunav 2025): बिहार के सीनियर IAS अधिकारी दिनेश कुमार राय ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) लेने के बाद अब राजनीति में कदम रखने का फैसला कर लिया है। दिनेश कुमार राय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पूर्व निजी सचिव और बेहद करीबी माने जाते हैं।
अब उनके राजनीति में प्रवेश और जदयू से विधानसभा चुनाव लड़ने की अटकलें तेज हो गई हैं। रिपोर्ट के मुताबिक आगामी विधानसभा चुनाव में रोहतास जिले की करगहर विधानसभा सीट से दिनेश कुमार राय चुनाव लड़ सकते हैं। राज्य सरकार ने सोमवार (14 जुलाई 2025) को दिनेश कुमार राय की वीआरएस अर्जी को मंजूरी दे दी। उन्होंने 13 जुलाई को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव पद से वीआरएस की अर्जी दी थी।

कौन हैं IAS दिनेश कुमार राय?
दिनेश कुमार राय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निजी सचिव के रूप में लगभग 9 साल तक काम कर चुके हैं। साथ ही पश्चिम चंपारण के जिलाधिकारी भी रह चुके हैं। इसके बाद दिनेश कुमार राय को राजस्व व भूमि सुधार विभाग, बिहार का सचिव नियुक्त किया गया था।
दिनेश कुमार राय मूल रूप से रोहतास जिले के कुशाही गांव के रहने वाले हैं। हाल ही में उनके गांव में एक भव्य समारोह आयोजित किया गया, जिसमें करीब 10,000 से ज्यादा लोग जुटे। यह समारोह राय के प्रशासनिक सेवा से राजनीति में आने की औपचारिक शुरुआत के रूप में देखा गया।
स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के बारे में पूछे जाने पर दिनेश ने कहा, ''मैं मूल रूप से एक सामाजिक सोच वाला व्यक्ति हूं। मुझे समाज की सेवा और लोगों के बीच काम करने में सबसे ज्यादा संतुष्टि मिलती है। हालांकि प्रशासनिक जिम्मेदारियों में व्यस्त रहने के कारण सामाजिक कार्यों को उस स्तर पर नहीं कर पा रहा था, जैसा मैं करना चाहता था।''
दिनेश कुमार राय के बारे में स्थानीय निवासियों ने क्या कहा?
स्थानीय निवासी सत्येंद्र कुमार ने कहा, "राय साहब जमीन से जुड़े और बेहद सादगी पसंद इंसान हैं। उन्हें प्रशासनिक अनुभव का लाभ मिलेगा और उनके संपर्कों का फायदा जनता को होगा।"
क्यों चुनी गई करगहर सीट?
करगहर विधानसभा क्षेत्र में कुर्मी जाति की संख्या अच्छी-खासी है, जिससे दिनेश कुमार राय को सामाजिक समर्थन मिलने की उम्मीद है। इस सीट पर अभी कांग्रेस के संतोष कुमार मिश्रा विधायक हैं, जिन्होंने 2020 के चुनाव में जेडीयू के बशिष्ठ सिंह को 4,000 से अधिक वोटों से हराया था।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राय NDA गठबंधन के तहत जेडीयू के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं। सासाराम लोकसभा सीट के तहत आने वाले इस क्षेत्र में कांग्रेस का प्रभाव रहा है, लेकिन दिनेश कुमार राय के आने से मुकाबला दिलचस्प हो सकता है।
2020 के विधानसभा चुनाव में शाहाबाद और मगध क्षेत्र में एनडीए का प्रदर्शन कमजोर रहा था। दिनेश कुमार राय जैसे प्रशासकीय अनुभव से लैस उम्मीदवार को उतारकर एनडीए यहां अपनी स्थिति सुधारने की कोशिश कर सकता है।
दिनेश कुमार राय का राजनीति में उतरना न केवल करगहर सीट, बल्कि पूरे क्षेत्र में एनडीए की रणनीति को मजबूती देने वाला कदम साबित हो सकता है। उनके प्रशासनिक अनुभव और नीतीश कुमार से नजदीकी उन्हें एक मजबूत प्रत्याशी बना सकती है -और मुकाबला कांग्रेस बनाम जेडीयू के बीच और रोचक हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications