Bihar Election 2025 Date: कब होंगे बिहार विधानसभा चुनाव? चुनाव आयोग ने बनाई पूरी प्लानिंग, क्या है तैयारी
Bihar Election 2025 Date Update: बिहार की सियासत इन दिनों चुनावी रंग में रंग चुकी है। हर गली-कूचे से लेकर बड़े राजनीतिक दफ्तरों तक चर्चा सिर्फ एक ही सवाल पर है-चुनाव की तारीखें आखिर कब घोषित होंगी? चुनाव आयोग ने अब अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं और संकेत साफ हैं कि अक्टूबर के पहले हफ्ते में तस्वीर साफ हो जाएगी।
चुनाव आयोग का दो दिवसीय बिहार दौरा
चुनाव आयोग 4 और 5 अक्टूबर को बिहार दौरे पर आ रहा है। इस दौरान आयोग की टीम राज्य में चुनावी तैयारियों की बारीकी से समीक्षा करेगी। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी खुद इस समीक्षा बैठक में शामिल रहेंगे।

इससे ठीक पहले 3 अक्टूबर को दिल्ली में सभी चुनाव पर्यवेक्षकों की बैठक होगी। इसमें जनरल, पुलिस और व्यय पर्यवेक्षकों को ब्रीफ किया जाएगा। इसके बाद आयोग का बिहार दौरा तय करेगा कि चुनाव की घोषणा कब होगी।
कब आएगी बिहार चुनाव की तारीख?
आमतौर पर चुनाव आयोग किसी राज्य की यात्रा के कुछ ही दिन बाद तारीखों का ऐलान करता है। इस बार आयोग को त्योहारों का भी ध्यान रखना है। छठ और दिवाली 18 से 28 अक्टूबर के बीच पड़ रहे हैं, ऐसे में मतदान की तारीखें इन्हीं को ध्यान में रखकर घोषित की जाएंगी।
बिहार विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर 2025 को खत्म हो रहा है। यानी चुनाव इसी से पहले कराने होंगे। संभावना है कि मतदान नवंबर की शुरुआत में कराया जाए।
470 पर्यवेक्षक तैनात होंगे
चुनाव आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए सुरक्षा और पारदर्शिता की पूरी तैयारी की है। आयोग कुल 470 पर्यवेक्षकों को तैनात करेगा, जिनमें 320 IAS, 60 IPS और 90 अन्य सेवाओं के अधिकारी शामिल होंगे। ये अधिकारी आयोग की आंख और कान बनकर चुनाव प्रक्रिया पर नजर रखेंगे। आयोग ने कहा है कि किसी भी तरह की गड़बड़ी या पक्षपात को रोकने के लिए ये पर्यवेक्षक हर बूथ और जिले में सख्ती से निगरानी करेंगे।
कौन-कौन हैं मैदान में?
2025 का चुनाव बेहद दिलचस्प होने वाला है। एक ओर है एनडीए गठबंधन-भारतीय जनता पार्टी (BJP) और जनता दल यूनाइटेड (JDU), वहीं दूसरी ओर है महागठबंधन, जिसका नेतृत्व राजद (RJD) और कांग्रेस कर रहे हैं। इस बार मैदान में प्रशांत किशोर (PK) की जन सुराज पार्टी भी है, जो समीकरण बिगाड़ सकती है।
अब सभी की निगाहें चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी हैं। संकेत साफ हैं कि 5 अक्टूबर के बाद किसी भी दिन बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो सकता है। और उसके साथ ही सियासी पारा चढ़ जाएगा।
2020 के चुनाव कब हुए थे, किसको कितनी सीटें मिली थी?
2020 में बिहार विधानसभा चुनाव तीन चरणों में हुआ था-28 अक्टूबर, 3 नवंबर और 7 नवंबर को मतदान और 10 नवंबर को नतीजे आए थे। तब एनडीए ने 125 सीटें जीतकर सत्ता पाई थी, जबकि महागठबंधन 110 सीटों पर सिमट गया था। कोरोना महामारी के बीच हुए उस चुनाव की तरह ही इस बार भी माहौल बेहद संवेदनशील है।












Click it and Unblock the Notifications