Bihar:'मैं बिहार चुनाव लडूंगा', चिराग पासवान ने सारण से किया ऐलान, 243 सीटों को लेकर भी दिया बड़ा संकेत!
Bihar Election 2025 (Chirag Paswan): लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान आगामी बिहार विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। इस बात की घोषणा केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने रविवार 6 जुलाई को बिहार के सारण जिले में एक राजनीतिक रैली के दौरान की। चिराग पासवान ने पार्टी कार्यकर्ताओं से बिहार विधानसभा की सभी 243 सीटों पर कड़ी मेहनत करने की बात कही है। उनकी पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा और जदयू के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ेगी। हालांकि कुछ मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि चिराग पासवान अकेले 243 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे।
चिराग पासवान ने कहा, ''आज सारण की इस पावन धरती से, आप सबके सामने मैं यह कहकर जा रहा हूं कि हां, मैं चुनाव लड़ूंगा। मैं चुनाव लड़ूंगा बिहारियों के लिए, अपने भाइयों के लिए, अपनी माताओं के लिए, अपनी बहनों के लिए और बिहार में एक ऐसी व्यवस्था तैयार करेंगे, एक ऐसा बिहार बनाएंगे जो सही मायनों में प्रदेश को विकास की राह पर आगे ले जाएगा।''

फिलहाल चिराग पासवान लोकसभा सांसद हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में केंद्रीय मंत्री के रूप में कार्यरत हैं। वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का हिस्सा हैं, जिसमें बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की तेलगू देशम पार्टी (टीडीपी) सहित अन्य दल भी शामिल हैं।
चिराग पासवान बोले- मैं बिहार को विकसित राज्य बनाकर रहूंगा
चिराग पासवान ने कहा, ''आने वाले दिनों में इन हेरिटेंस टैक्स को लेकर, जिस तरीके से पीढ़ी दर पीढ़ी जो संपत्ति आपकी है, उस पर टैक्स लगाने की सोच कांग्रेस, राजद और उनके तमाम सहयोगी रखते हैं। जो लोग आज बिहार में विकास की बात करते हैं, ये वही विपक्ष के लोग हैं जिन्होंने 90 के दशक में बिहार को बर्बाद किया था''
चिराग पासवान ने कहा है, ''मैं सिर पर कफन बांधकर निकला हूं कि बिहार को विकसित राज्य बनाकर रहूंगा। नवबिहार का सपना अब सिर्फ सपना नहीं रहेगा -यह संकल्प बन चुका है। मैं किसी से डरने वाला नहीं हूं।''
गोपाल खेमका हत्याकांड: चिराग बोले- बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई
बिजनेसमैन गोपाल खेमका की हत्या पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, "जिस तरह बिहार में अपराध बढ़ा है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, वह वाकई चिंता का विषय है। अगर पटना जैसे पॉश इलाके में ऐसी घटना हो सकती है, तो गांवों की हालत का अंदाज़ा लगाया जा सकता है।"
उन्होंने आगे कहा, "यह बेहद चिंताजनक है कि ऐसी घटनाएं उस सरकार के कार्यकाल में हो रही हैं, जिसकी पहचान कभी सुशासन के लिए थी। ऐसे में विपक्ष को सवाल उठाने का मौका मिलेगा। जरूरत है कि ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई हो, ताकि एक सख्त संदेश जाए और दोबारा ऐसा कुछ न हो।''












Click it and Unblock the Notifications