Bihar Election 2025: PK के चुनाव नहीं लड़ने पर चिराग ने उठाए सवाल, महागठबंधन पर भी कसा तंज
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) और महागठबंधन के बीच राजनीतिक जंग तेज हो गई है। इस बीच, केंद्रीय मंत्री और LJP (RV) प्रमुख चिराग पासवान ने जनसुराज और महागठबंधन पर जमकर निशाना साधा है।
चिराग ने प्रशांत किशोर के चुनाव में न उतरने पर भी तीखा रुख अपनाया और कहा कि ऐसा निर्णय पार्टी कार्यकर्ताओं के विश्वास पर असर डालेगा।

चिराग पासवान ने महागठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि, उनके गठबंधन में इतनी खींचतान चल रही है, और राहुल गांधी कहां हैं? क्या यह राहुल जी और तेजस्वी यादव की नैतिक जिम्मेदारी नहीं थी कि वे मिलकर गठबंधन में मौजूद बाधाओं को दूर करें? यह कांग्रेस की गंभीरता की कमी को दिखाता है। 14 नवंबर के बाद बिहार में NDA सरकार बनेगी। बिहार के लोग समझ चुके हैं कि अगर महागठबंधन पांच पार्टियों को एक साथ नहीं रख सकता, तो बिहार को कैसे जोड़ पाएगा।
प्रशांत किशोर पर चिराग का कटाक्ष
जनसुराज के संस्थापक प्राशांत किशोर के चुनाव में न उतरने पर चिराग पासवान ने कहा,अगर आप सामने से नेतृत्व नहीं कर सकते, तो आपकी पार्टी के लोग आप पर विश्वास कैसे करेंगे? उनके फैसले से पार्टी कार्यकर्ताओं का आत्मविश्वास टूटेगा। अगर नेता सामने से नेतृत्व नहीं कर सकता, तो उनके कार्यकर्ता पार्टी के लिए काम क्यों करेंगे और जनता उस पर भरोसा क्यों करेगी?
चिराग पासवान ने कहा कि NDA ने समय पर सीटों का बंटवारा कर दिया है, जो जनता के लिए बहुत ही सकारात्मक संदेश भेजता है। उन्होंने कहा, महागठबंधन अपने दलों को एक साथ नहीं रख पा रहा है, इसलिए हम अपेक्षा से अधिक सीटें जीतने की स्थिति में हैं। जो गठबंधन अपने सहयोगी दलों का ध्यान नहीं रख सकता, वह राज्य का ध्यान कैसे रख पाएगा? बिहार के लोग यह सवाल महागठबंधन के नेताओं से पूछ रहे हैं। NDA के नेता 14 नवंबर को फिर दिवाली मनाएंगे।
महागठबंधन में सीट बंटवारे का विवाद
सूत्रों के अनुसार, महागठबंधन के भीतर सीट बंटवारे को लेकर तनातनी है। कम से कम आठ विधानसभा सीटों - नरकटियागंज, वैशाली, राजापाकर, रोसरा, बछवारा, कहलगांव, बिहारशरीफ और सिकंदर - पर INDIA ब्लॉक के घटक दल आपस में भिड़ सकते हैं। कांग्रेस, RJD और वाम दलों के बीच सीटों को लेकर मतभेद की वजह से यह संभावना जताई जा रही है।
इस बार कांग्रेस 61 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जो पांच साल पहले की तुलना में नौ सीटें कम हैं। RJD ने 143 उम्मीदवार उतारे हैं। CPI नौ सीटों पर और CPI(M) चार सीटों पर चुनाव लड़ रही है। CPI(ML) Liberation ने इस बार 20 उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि 2020 में उन्होंने 19 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 12 सीटें जीती थीं।
बिहार की 243 विधानसभा के लिए चुनाव दो चरणों में होंगे। पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। चुनाव के परिणाम 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications