बिहार चुनाव से पहले BJP का इंटरनल सर्वे चौंकाने वाला, 'टॉप स्ट्राइक रेट' मिशन में फंसे MLA, कई नेता होंगे आउट!
Bihar Election 2025: बिहार में साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बिहार की सभी 243 सीटों पर एक इंटरनल सर्वे किया है। इस सर्वे के आधार पर पार्टी ने फैसला लिया है कि जिन वर्तमान विधायकों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा है, उनका टिकट काटा जाएगा। यानी जिन विधायकों का 'स्ट्राइक रेट' अच्छा नहीं है, उनका तो टिकट कटना तय ही है।
भाजपा ने सर्वे के जरिए विधायकों के प्रदर्शन का आकलन किया। इनमें से जिन विधायकों का प्रदर्शन असंतोषजनक पाया गया, उन्हें टिकट ना देने की सिफारिश की गई है। पार्टी ने उन विधायकों को भी चिन्हित किया है जो सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं लेकिन जमीनी स्तर पर फोकस नहीं कर रहे हैं। ऐसे विधायकों को भी इस बार टिकट नहीं देने का प्लान है।

प्रभात खबर की रिपोर्ट के मुताबिक भाजपा का लक्ष्य आगामी चुनाव में ज्यादा सीटें जीतना है। इसके लिए पार्टी "टॉप स्ट्राइक रेट" मिशन के तहत कमजोर प्रदर्शन करने वाले विधायकों को हटाकर नए और प्रभावी उम्मीदवारों को मौका देने की योजना बना रही है।
Bihar chunav 2025: भाजपा के लिए ये इंटरनल सर्वे क्यों जरूरी था?
सर्वे का मकसद: भाजपा ने सीट-दर-सीट आकलन करते हुए उम्मीदवारों की जीत की संभावनाओं का मूल्यांकन किया है। इस प्रक्रिया में पार्टी ने ब्लॉक स्तर पर बैठकें आयोजित कीं और हर सीट पर अपनी ताकत और कमजोरियों का विश्लेषण किया है।
टिकट वितरण की नई नीति: पार्टी ने स्पष्ट किया है कि टिकट वितरण में व्यक्तिगत वरिष्ठता के बजाय जीतने की क्षमता को प्राथमिकता दी जाएगी। सर्वे में जिन नेताओं का प्रदर्शन कमजोर पाया गया है, उन्हें टिकट नहीं दिया जाएगा, चाहे वे कितने भी वरिष्ठ क्यों न हों।
बगावत की आशंका: भाजपा उन नेताओं की पहचान कर रही है जो टिकट नहीं मिलने या मनपसंद उम्मीदवार न मिलने की स्थिति में बगावत कर सकते हैं। पार्टी ऐसे संभावित असंतोष को समय रहते नियंत्रित करने की रणनीति बना रही है।
विपक्षी दलों का आकलन: भाजपा ने विपक्षी दलों और पाला बदलने वाले नेताओं का भी विश्लेषण किया है ताकि सीट-दर-सीट रणनीति बनाकर चुनाव में सफलता सुनिश्चित की जा सके।
भाजपा का यह कदम आगामी बिहार विधानसभा चुनावों में अपनी स्थिति मजबूत करने की दिशा में एक अहम रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी का फोकस जीतने योग्य उम्मीदवारों को मैदान में उतारने पर है, जिससे वह विपक्षी गठबंधन को कड़ी टक्कर दे सके।












Click it and Unblock the Notifications