Bihar Election 2025: 'नीतीश ही बनेंगे CM', मोकामा से अनंत सिंह का बड़ा दावा, बताया NDA को कितनी मिलेगी सीटें
Bihar Election 2025 (Anant Singh): बिहार विधानसभा चुनाव 2025 जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, नेताओं के दावे और भविष्यवाणियां भी तेज होती जा रही हैं। इस बीच मोकामा से जेडीयू उम्मीदवार और बाहुबली नेता अनंत सिंह ने ऐसा बयान दिया है जिसने चुनावी माहौल में नई गर्मी ला दी है। उन्होंने कहा है कि इस बार भी एनडीए की ही सरकार बनेगी और मुख्यमंत्री की कुर्सी पर नीतीश कुमार ही बैठेंगे।
मोकामा के मैदान में फिर उतरे अनंत सिंह
पटना जिले की मोकामा विधानसभा सीट इस बार भी सुर्खियों में है। पांच बार विधायक रह चुके अनंत सिंह एक बार फिर इसी सीट से चुनावी मैदान में हैं। हालांकि इस बार वह जेडीयू के टिकट पर एनडीए गठबंधन से लड़ रहे हैं। अनंत सिंह ने अपने क्षेत्र में प्रचार के दौरान कहा कि "हमारा प्रचार पूरा हो गया है। अब जनता का मूड साफ है, लोग विकास और काम को वोट देंगे।"

'NDA को मिलेंगी 225 सीटें, नीतीश ही बनेंगे मुख्यमंत्री'
रिपब्लिक भारत से बातचीत में अनंत सिंह ने दावा किया कि बिहार में एनडीए 225 सीटें जीतने जा रहा है। उन्होंने आत्मविश्वास से कहा कि "कोई बदलाव नहीं होगा, नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री बनेंगे। जनता जानती है कि बिहार में काम किसने किया है और कानून-व्यवस्था किसने संभाली है।" अनंत सिंह का यह बयान उस समय आया है जब राज्य में पहले चरण का मतदान 6 नवंबर और दूसरे चरण का 11 नवंबर को होना है।
'हमारा प्रचार पूरा, जनता का फैसला तय'
अपने प्रचार अभियान को लेकर अनंत सिंह ने बताया कि वे कई दिनों से क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क कर रहे थे। उन्होंने कहा, "यह अंतिम गांव था, अब जनता से सीधा संवाद हो चुका है। जो माहौल मैंने देखा है, उसमें NDA की लहर साफ दिखाई दे रही है।" उनके मुताबिक बिहार की जनता इस बार स्थिरता और विकास के नाम पर वोट देगी, न कि नारों और वादों के आधार पर।
14 नवंबर को आएंगे चुनावी नतीजे
बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में संपन्न होगा। पहले चरण में 121 सीटों पर 6 नवंबर को और दूसरे चरण में 122 सीटों पर 11 नवंबर को वोटिंग होगी। सभी की निगाहें 14 नवंबर पर टिकी हैं, जब नतीजे सामने आएंगे और यह तय होगा कि क्या अनंत सिंह का दावा सच साबित होता है या नहीं।












Click it and Unblock the Notifications