'कांग्रेस ने सरदार पटेल को भुलाने की साजिश रची, 40 साल तक नहीं दिया भारत रत्न', पटना में गरजे अमित शाह
Bihar Election 2025 (Amit Shah in Patna): बिहार विधानसभा चुनाव के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पटना में गुरुवार (30 अक्टूबर) को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। मौके खास था-देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती की पूर्व संध्या। शाह ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि "कांग्रेस की वजह से ही सरदार पटेल को भारत रत्न मिलने में 40 साल की देरी हुई। जिस महान व्यक्तित्व ने भारत को जोड़ा, उसी को दशकों तक भुला दिया गया।"
'कांग्रेस ने पटेल को भुलाने की हर कोशिश की'
अमित शाह ने कहा कि आज पूरा देश सरदार पटेल के योगदान को याद कर रहा है, लेकिन आजादी के बाद कांग्रेस ने उन्हें जानबूझकर इतिहास के हाशिए पर धकेल दिया। उन्होंने कहा, "सरदार पटेल जैसे महान नेता को सम्मान देने में कांग्रेस ने कोई कसर नहीं छोड़ी। 40 साल तक भारत रत्न नहीं दिया गया, क्योंकि कांग्रेस के भीतर उनके लिए सम्मान की भावना नहीं थी। यहां तक कि उनके नाम पर कोई स्मारक तक नहीं बनाया गया।"

अमित शाह ने आगे कहा कि जब नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री बने, तब जाकर 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' और सरदार पटेल मेमोरियल का निर्माण हुआ। उन्होंने कहा, "आज वो प्रतिमा भारत की एकता की पहचान बन चुकी है, जिसे पूरी दुनिया सराहती है।"
🔹 'पटेल ने 562 रियासतों को जोड़ा, बनाया अखंड भारत'
अमित शाह ने कहा कि आजादी के बाद जब देश बंटा हुआ था, तब लोग सवाल करते थे कि क्या 562 रियासतें एक साथ आ पाएंगी। लेकिन सरदार पटेल ने बहुत कम समय में ये असंभव काम कर दिखाया। शाह बोले, "आज जो भारत का नक्शा हम देखते हैं, वो सरदार पटेल की दूरदर्शिता और अदम्य साहस का परिणाम है।"
🔹 'राष्ट्रीय एकता दिवस पर होगा भव्य आयोजन'
शाह ने बताया कि इस साल 31 अक्टूबर से 15 नवंबर 2025 तक गुजरात के एकता नगर में 'भारत पर्व' का आयोजन होगा। इसमें देशभर की विविध संस्कृतियों की झलक दिखेगी। "इस दौरान लोक नृत्य, संगीत और विभिन्न राज्यों के व्यंजन लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र होंगे। 15 नवंबर को बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर कार्यक्रम का समापन किया जाएगा," उन्होंने कहा।
गृह मंत्री अमित शाह ने यह भी बताया कि अब से हर साल 31 अक्टूबर को एक भव्य परेड का आयोजन होगा, जिसमें सीएपीएफ और राज्य पुलिस बल अपनी वीरता और अनुशासन का प्रदर्शन करेंगे।
🔹 तेजस्वी यादव का पलटवार
अमित शाह के बयानों पर महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा, "अमित शाह कहते हैं कि बिहार में उद्योग नहीं लग सकते क्योंकि जमीन की दिक्कत है। मैंने ऐसा गृह मंत्री कभी नहीं देखा जो खुद अपने देश के राज्य के खिलाफ बयान दे। बीजेपी को बिहार के विकास से कोई मतलब नहीं, इन्हें सिर्फ सत्ता चाहिए।"
तेजस्वी ने यह भी आरोप लगाया कि "चुनाव के दौरान भी सरकार महिलाओं को पैसे बांट रही है, लेकिन चुनाव आयोग चुप है। उसकी नैतिकता कहां चली गई?"
🔹 'बिहार में नीतीश हैं विकास पुरुष, पीएम पद की कोई वैकेंसी नहीं'
बिहार चुनावी माहौल के बीच अमित शाह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ की और विपक्ष पर तंज कसा। उन्होंने कहा, "बिहार में मुख्यमंत्री की कुर्सी खाली नहीं है, नीतीश कुमार विकास पुरुष हैं। दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी बैठे हैं-यहां और वहां, दोनों जगह किसी पद की कोई वैकेंसी नहीं है।"
उन्होंने लालू प्रसाद यादव और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा, "ये लोग सिर्फ अपने परिवार की राजनीति करते हैं। लालू अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं, सोनिया गांधी अपने बेटे राहुल को प्रधानमंत्री। बीजेपी ही एक ऐसी पार्टी है जहां किसी भी कार्यकर्ता को आगे बढ़ने का मौका मिलता है।"












Click it and Unblock the Notifications