'अच्छा हुआ भाग गई, रोज आकर कहती थी मंत्री बनाईये', बीमा भारती के RJD में जाने पर CM नीतीश ने कसा तंज
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को पूर्णिया सीट से एनडीए प्रत्याशी संतोष कुमार कुशवाहा के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने महागठबंधन प्रत्याशी बीमा भारती पर भी तंज कसा।
बीमा भारती हाल ही में जेडीयू से आरजेडी में गई हैं। जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम नीतीश ने उनके पार्टी छोड़ने को लेकर कहा कि अच्छा हुआ कि वो पार्टी छोड़कर चली गईं। सीएम ने कहा कि उन्होंने बीमा भारती को बहुत कुछ सीखाया, लेकिन फिर भी वो वहां चली गईं।

सीएम नीतीश ने कहा कि बीमा भारती पहले हमारी पार्टी में थीं। उन्होंने मुझसे कहा कि मुझे मंत्री बना दीजिए, लेकिन उन्हें तो बोलना ही नहीं आता था। अब वो उस तरफ आरजेडी चली गई हैं। हमने उनको बोलना सिखाया है। लेकिन फिर भी वो पार्टी छोड़कर चली गईं। अच्छा हुआ कि वो भाग गईं।
सभा को संबोधित करने के दौरान सीएम नीतीश ने अपनी सरकार की उपलब्धियों से भी जनता को अवगत कराया और लोगों से कहा कि अगर आप हमें मौका देते हैं, तो एक बार फिर से चौतरफा विकास की बयार बहेगी।
सीएम ने लालू-राबड़ी राज पर भी जमकर हमला बोला। सीएम ने कहा कि पति-पत्नी ने बिहार में राज किया। पति हटे तो पत्नी को सीएम बनाकर राज किया। उन्होंने सवालिया लहजे में पूछा कि 2005 से पहले बिहार की स्थिति क्या थी? लोग अपने घरों से बाहर निकलने से डरते थे। इसके बाद देखिए कितना काम हुआ।
आपको बता दें कि पूर्णिया सीट पर पप्पू यादव भी चुनाव लड़ रहे हैं। पिछले महीने पप्पू यादव ने अपनी जन अधिकार पार्टी का कांग्रेस में विलय कर लिया था। उन्हें उम्मीद भी कांग्रेस उन्हें पूर्णिया से अपना उम्मीदवार बनाएगी, लेकिन ये सीट आरजेडी ने अपने पास रख ली।
हालांकि इसके बाद भी पप्पू यादव ने लालू यादव से उनके लिए सीट छोड़ देने की अपील की मगर लालू यादव ने बीमा भारती को पूर्णिया से टिकट दे दिया। ऐसे में पप्पू यादव पूर्णिया से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications