नवादा अग्निकांड: CM नीतीश ने ADG को दिया सख्त निर्देश, कहा- 'कोई आरोपी बचना नहीं चाहिए'
Bihar Nawada News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नवादा अग्निकांड की निंदा की है। सीएम नीतीश ने गुरुवार 19 सितंबर को नवादा जिले में घरों में आग लगाने की घटना की निंदा करते हुए कार्रवाई के सख्त आदेश दिए हैं। सीएम नीतीश ने कहा कि कोई भी आरोपी बचना नहीं चाहिए।
सीएम नीतीश ने अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) को व्यक्तिगत रूप से घटनास्थल का दौरा करने और जांच की निगरानी करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों ने बताया, "मुख्यमंत्री ने घटना की निंदा की और एडीजी (कानून व्यवस्था) को मौके पर जाकर जांच की निगरानी करने का निर्देश दिया।"

नवादा अग्निकांड में अब तक 15 की हुई गिरफ्तारी
सीएम नीतीश कुमार ने सभी संदिग्धों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने को भी कहा है। नवादा के मांझी टोला में आगजनी करने वालों द्वारा 21 घरों में आग लगाने के एक दिन बाद पुलिस ने अब तक 15 लोगों को गिरफ्तार किया है।
सीएमओ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "सीएम नीतीश ने जोर देकर कहा कि जो लोग कानून को अपने हाथ में लेते हैं, उन्हें जल्द से जल्द से पकड़ा जाना चाहिए और दंडित किया जाना चाहिए। उन्होंने राज्य भर के सभी जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षकों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि कानून का शासन कायम रहे।" सीएम नीतीश ने डीएम और एसपी को किसी भी गैरकानूनी गतिविधि को रोकने के लिए सभी स्थानीय जेलों में तलाशी लेने का निर्देश दिया।
नवादा अग्निकांड के पीछे की वजह?
प्रारंभिक जांच से पता चला है कि बुधवार शाम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मांझी टोला में हुई हिंसा की वजह शायद भूमि विवाद हो सकता है। नवादा के जिला मजिस्ट्रेट आशुतोष कुमार वर्मा ने पीटीआई को बताया, "जिला पुलिस ने घरों में आग लगाने के आरोप में 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले की आगे की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है और किसी भी संदिग्ध को पकड़ने के लिए तलाशी जारी है।"
जिला मजिस्ट्रेट आशुतोष कुमार वर्मा ने बताया कि मांझी टोला में एक समूह ने करीब 21 घरों को नष्ट कर दिया, जिनमें से कुछ आधे-अधूरे थे। उन्होंने बताया कि मौके पर मौजूद वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी नुकसान की रिपोर्ट देंगे।
उन्होंने कहा, "हम विस्थापित लोगों को भोजन के पैकेट और पीने के पानी सहित राहत सामग्री मुहैया करा रहे हैं। पीड़ितों के लिए अस्थायी टेंट लगाए गए हैं।" वर्मा ने इस बात का खंडन किया कि घटना में मवेशी जल गए हैं। उन्होंने कहा कि इसके कोई सबूत नहीं मिले हैं।
घटना के बाद नवादा के एसपी अभिनव धीमान ने कहा था, "शाम 7 बजे के आसपास मांझी टोला में आग लगने की सूचना मिली थी। पुलिस दमकल गाड़ियों के साथ तुरंत पहुंची और आग बुझाई।" उन्होंने पुष्टि की कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि आग का कारण भूमि विवाद है और मामला दर्ज कर लिया गया है। एक अन्य पुलिस अधिकारी ने दावा किया कि आगजनी के दौरान हवा में गोलियां चलाई गईं।












Click it and Unblock the Notifications