अशोक चौधरी को CM नीतीश कुमार ने दी नई जिम्मेदारी, बनाया पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव
Ashok Choudhary News: विवादों के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने विश्वासपात्र मंत्री अशोक चौधरी का पार्टी में बढ़ा दिया है। जी हां..सीएम नीतीश कुमार ने अशोक चौधरी को नई जिम्मेदारी दी है। उन्हें जनता दल यूनाइटेड (JDU) का राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है।
इस नियुक्ति की घोषणा राष्ट्रीय महासचिव और विधान परिषद सदस्य अफाक अहमद खान ने एक पत्र जारी कर की। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अशोक चौधरी पिछले दिनों अपने एक विवादित ट्वीट को लेकर सुर्खियों में आए थे। लेकिन, इसके बावजूद सीएम नीतीश ने उन्हें संगठन की नई जिम्मेदारी सौंपी है।

जारी लेटर में क्या लिखा है?
अशोक चौधरी की नियुक्ति की घोषणा करते हुए राष्ट्रीय महासचिव अफाक अहमद खान ने एक लेटर जारी किया है। इस लेटर में लिखा है, 'जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तत्काल प्रभाव से बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी को पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया है।'
अशोक चौधरी इन दिनों घिरे हुए हैं विवादों में
बिहार के ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी इन दिनों विवादों में घिरे हुए हैं। शुरुआत में जहानाबाद में जेडीयू कार्यालय के उद्घाटन के दौरान भूमिहार समुदाय को निशाना बनाने के लिए उनकी आलोचना हुई थी। हाल ही में सोशल मीडिया पर शेयर की गई एक कविता को लेकर जेडीयू नेताओं ने उन्हें फिर निशाने पर लिया। हालांकि, बाद में उन्होंने सीएम से मुलाकात की और उन्हें अपना 'मानस पिता' बताया।
अशोक चौधरी का राजनीतिक सफर
अशोक चौधरी को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बेहद करीबी माना जाता है। 2017 में जब सीएम ने महागठबंधन से नाता तोड़ लिया था, तब चौधरी कांग्रेस से इस्तीफा देकर जेडीयू में शामिल हो गए थे। वे पहले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। उनकी बेटी शांभवी चौधरी ने हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के टिकट पर समस्तीपुर (सुरक्षित) सीट से जेडीयू नेता महेश्वर हजारी के बेटे सनी हजारी को हराया था।












Click it and Unblock the Notifications