Bihar school: बिहार में 14 नवंबर को मतगणना के चलते क्या बंद रहेंगे स्कूल?
Bihar Chunav Vote counting: बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना 14 नवंबर को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। बिहार में इस बार विधानसभा चुनाव दो चरणों में संपन्न हुए। राज्य की कुल 243 सीटों के लिए 6 और 11 नवंबर को मतदान हुआ।
इन चुनावों में मुख्य मुकाबला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) और महागठबंधन के बीच है। हालाँकि, इस बार प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी की मौजूदगी ने भी काफी सुर्खियाँ बटोरीं, जिसे लेकर राजनीतिक गलियारों में खूब चर्चा हुई।
हालांकि चुनाव मैदान में उतरे सभी उम्मीदवारों की हार-जीत का फैसला 14 नवंबर को मतगणना के बाद हो जाएगा। मतगणना से पहले बिहार की राजधानी समेत सभी जिलों में मतगणना के मद्देंनजर सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं। जानते हैं क्या बिहार के जिलों में 14 नवंबर को मतगणना के चलते क्या सभी स्कूल बंद रहेंगे?

बिहार में क्या बंद रहेंगे स्कूल?
पटना, मुज्जफरपुर समेत बिहार के सभी स्कूलों में 12वीं तक के स्कूल 14 नवंबर को बंद रखने का आदेश दिया है। पटना, सीतामढ़ी, मुज्जफरपुर समेत अन्य जिलो में प्रशासन ने छुट्टी का ऐलान देर रात कर दिया है।
पटना में बंद रहेंगे 12वीं तक के स्कूल
पटना के जिलाधिकारी (DM) और रिटर्निंग ऑफिसर त्यागराजन ने एक आदेश जारी किया है। इसमें कहा गया है कि सुचारू रूप से मतगणना प्रक्रिया सुनिश्चित करने और सुरक्षा बनाए रखने के लिए 14 नवंबर को जिले के सभी स्कूलों में कक्षाएं निलंबित रहेंगी।
मुजफ्फरपुर के सभी स्कूल और निजी कोचिंग सेंटर बंद
14 नवंबर को होने वाली मतगणना के मद्देनजर मुजफ्फरपुर के सभी स्कूल और निजी कोचिंग सेंटर बंद रखने का निर्देश दिया गया है। नगर निगम क्षेत्र के साथ-साथ बोचहां और मुशहरी प्रखंड क्षेत्र के स्कूल भी बंद रहेंगे। जिला प्रशासन ने एक आदेश जारी कर शहरी क्षेत्र के सभी निजी और सरकारी स्कूलों तथा कोचिंग संस्थानों को बंद रखने का निर्देश दिया है।

पटना में कहां होगी काउंटिंग?
पटना के ए.एन. कॉलेज को मतगणना केंद्र बनाया गया है। इसलिए, मतगणना प्रक्रिया के दौरान किसी भी असुविधा से बचने के लिए, पटना के सभी स्कूलों को बंद रखने का निर्देश दिया गया है। जिला प्रशासन ने यह भी निर्देश दिया है कि मतगणना केंद्रों के आसपास सार्वजनिक परिवहन पर प्रतिबंध रहेगा, ताकि व्यवस्था बनी रहे।
14 विधानसभा सीटों की काउंटिंग 8 बजे से होगी शुरू
जिले के सभी 14 विधानसभा क्षेत्रों में मतों की गिनती सुबह 8 बजे से शुरू होगी। इस दिन यातायात व्यवस्था और जनहित को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी स्कूल बंद रहेंगे। यह आदेश जिला निर्वाचन अधिकारी और जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने जारी किया है।
वोट काउंटिंग के लिए किए गए ये प्रबंध
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि मतगणना चुनावी प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण चरण है। सभी 14 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अलग-अलग मतगणना हॉल बनाए गए हैं। प्रत्येक विधानसभा के लिए 14 काउंटिंग टेबल निर्धारित किए गए हैं। पोस्टल बैलेट की गिनती के लिए भी विधानसभावार अलग से 48 टेबल लगाए गए हैं। इस तरह कुल 244 टेबल तैयार किए गए हैं, जिनमें से 196 ईवीएम काउंटिंग टेबल हैं।
प्रत्येक विधानसभा के लिए 14 काउंटिंग टेबलों के अतिरिक्त एक सहायक रिटर्निंग अधिकारी (ARO) टेबल भी बनाया गया है। यहां चुनाव आयोग (ECI) द्वारा नियुक्त मतगणना प्रेक्षक के प्रतिनिधि मौजूद रहते हैं। इसके अलावा, निर्वाची पदाधिकारी की ओर से प्रत्येक टेबल पर एक मतगणना पर्यवेक्षक और एक मतगणना सहायक भी तैनात रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications