Bihar Chunav: राहुल गांधी पर तेज प्रताप यादव ने किया गजब दावा, 'परिवार से मिलने विदेश जाते हैं'
Bihar Chunav Tej Pratap Yadav Video: बिहार विधानसभा चुनाव में इस बार लालू यादव के दोनों बेटे ही आमने-सामने हैं। परिवार और पार्टी से बेदखल किए जाने के बाद तेज प्रताप यादव अपनी पार्टी बनाकर मैदान में हैं। उन्होंने साफ ऐलान कर दिया है कि उनकी पार्टी मजबूती से चुनाव लड़ेगी और वह अपने भाई तेजस्वी यादव को भी बख्शने के मूड में नहीं है। एक हालिया इंटरव्यू में तेज प्रताप ने एक बार फिर कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा है।
उनसे जब राहुल गांधी के बारे में सवाल पूछा गया, तो उन्होंने खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की। लालू के बड़े बेटे ने दावा किया कि राहुल गांधी उनसे जान-बूझकर हाथ नहीं मिलाते थे। कई बार स्टेज पर उनका नाम लिखकर दिए जाने पर भी नहीं पढ़ा। उन्होंने उनके विदेश जाने पर भी निशाना साधा और कहा कि परिवार से मिलने जाते हैं।

Tej Pratap Yadav का जवाब हो रहा वायरल
दरअसल एक रिपोर्टर ने उनसे पूछा कि राहुल गांधी कोलंबिया चले गए हैं जबकि बिहार में चुनाव हैं। इस पर तेज प्रताप यादव ने कहा, 'चले गए हैं, तो हम इसमें क्या कर सकते हैं। उनका मन भर गया होगा बिहार से तो अपना चले गए। हो सकता है उनको विदेश में ज्यादा मन लगता हो, उनका परिवार हो विदेश में उससे मिलने जाते हैं।'
तेज प्रताप यादव यहीं नहीं रुके और आगे कहा कि इन लोगों के बस का राजनीति नहीं है। घूमने-फिरने, विदेश में छुट्टी मनाने में ही रह जाएंगे। इसके बाद उन्होंने बिना नाम लिए ही कहा कि चेहरा चमकाने से और टीशर्ट पहन लेने से नेतागिरी नहीं होता है। इन सबसे ब्लॉगिंग होता है। माना जा रहा है कि उन्होंने एक साथ ही राहुल और तेजस्वी दोनों पर निशाना साधा है।
यह भी पढ़ें: Bihar Chunav: ये 5 केंद्रीय मंत्री लड़ सकते हैं चुनाव, NDA की नई रणनीति क्या?
Bihar Chunav में तेज प्रताप यादव के प्रदर्शन पर रहेगी नजर
तेज प्रताप यादव ने अपनी पार्टी बना ली है और उन्होंने ऐलान किया है कि उनकी पार्टी सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। यह पहली बार है जब वह आरजेडी के टिकट पर चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने महुआ से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। माना जा रहा है कि राघोपुर सीट पर भी वह अपनी पार्टी का उम्मीदवार उतारेंगे।
विधानसभा चुनाव नतीजे इस बार तेज प्रताप के लिए भी बड़ी अग्निपरीक्षा है। परिवार से अलग होने के बाद उनकी राजनीति में दम है, यह इसी चुनाव नतीजे से पता चलेगा। एक आशंका यह भी है कि तेज प्रताप आरजेडी और महागठबंधन के ही वोट में सेंध लगा सकते हैं। इन सारे सवालों और आशंकाओं का जवाब फिलहाल भविष्य के गर्भ में है।
यह भी पढ़ें: Bihar Chunav: 'हो न्याय अगर तो आधा दो', मांझी के पोस्ट से NDA में बढ़ी हलचल, बिहार में सीट बंटवारे पर खींचतान












Click it and Unblock the Notifications