Bihar Chunav: तेजस्वी यादव चुनावी रैली में बोले- हमारी सरकार बनी तो वक्फ कानून को कूड़ेदान में फेंक देंगे
Bihar Chunav 2025: बिहार विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक आते ही नेता वोटरों को साधने के लिए हर प्रयास कर रहे हैं। रैलियों और चुनावी जनसभा में विपक्षी नेता नीतीश सरकार और एनडीए पर हमला कर रहे हैं और हर दिन नए वादे कर रहे हैं। रविवार को राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने एक बड़ा राजनीतिक बयान दिया है, जिसने बिहार की राजनीति में हलचल मचा दी है।
तेजस्वी यादव ने रविवार को एक चुनावी सभा में घोषणा की कि यदि बिहार में इंडिया गठबंधन की सरकार बनती है, तो केंद्र सरकार द्वारा पारित 'वक्फ (संशोधन) कानून' को रद्द कर उसे कूड़ेदान में फेंक देंगे।

दरअसल, कटिहार और किशनगंज के मुस्लिम बहुल इलाकों में जनसभाओं को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ये दावा करते हुए मोदी सरकार पर निशाना साधा।
'भाजपा को 'भारत जलाओ पार्टी'...'
आरजेडी प्रमुख तेजस्वी यादव ने कहा, "मेरे पिता लालू प्रसाद यादव ने कभी सांप्रदायिक ताकतों से समझौता नहीं किया। लेकिन नीतीश कुमार हमेशा ऐसी ताकतों के साथ रहे हैं। उन्हीं की वजह से आरएसएस और उसके संगठन नफरत फैला रहे हैं। भाजपा को 'भारत जलाओ पार्टी' कहा जाना चाहिए।"
तेजस्वी यादव ने अपनी रैली में कहा, "यह चुनाव संविधान, लोकतंत्र और भाईचारे की रक्षा की लड़ाई है। लोग 20 साल से नीतीश कुमार से परेशान हैं। सरकार के हर विभाग में भ्रष्टाचार फैला है और कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है।" उन्होंने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी की लंबी सत्ता के बावजूद बिहार आज भी देश का सबसे गरीब और पिछड़ा राज्य है।
एमएलसी कारी सोहैब ने दिया था विवादित बयान
इस बयान से पहले, आरजेडी के एमएलसी मोहम्मद कारी सोहैब ने भी विवादित टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि अगर तेजस्वी मुख्यमंत्री बनते हैं, तो सभी बिल, वक्फ बिल समेत, फाड़कर फेंक दिए जाएंगे। इसके बाद भाजपा ने सवाल उठाया था कि कोई मुख्यमंत्री केंद्र के कानून को कैसे रद्द कर सकता है।
मोदी सरकार ने पारित किया वक्फ (संशोधन) कानून
ध्यान देने वाली बात ये है कि अप्रैल 2025 में संसद ने वक्फ (संशोधन) कानून, 2024 पारित किया था। एनडीए सरकार ने इस कानून को मुस्लिम समुदाय, पिछड़ों और महिलाओं के अधिकारों को सशक्त करने वाला पारदर्शी कानून बताया था। वहीं, विपक्ष का कहना है कि यह कानून मुसलमानों के धार्मिक और संपत्ति संबंधी अधिकारों का हनन करता है।
सीमांचल के लिए तेजस्वी यादव ने किया ये दावा
तेजस्वी यादव ने कहा "सीमांचल प्रदेश का सबसे पिछड़ा इलाका है, अब इनसे हिसाब लेने का वक्त आ गया है।"
- सीमांचल के विकास का वादा करते हुए तेजस्वी ने कहा कि अगर इंडिया ब्लॉक की सरकार बनती है, तो सीमांचल विकास प्राधिकरण बनाया जाएगा।
- एक विश्वस्तरीय विश्वविद्यालय, सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय का एक सेंटर स्थापित किया जाएगा।
- तेजस्वी यादव ने दावा किया कि एनडीए सरकार उनके वादों की नकल कर रही है। उन्होंने कहा, "हमने बुजुर्गों की पेंशन बढ़ाने की बात की थी, तो नीतीश सरकार ने उसे 400 रुपये से बढ़ाकर 1,100 रुपये कर दिया। हमारी सरकार बनी तो इसे 2,000 रुपये प्रतिमाह किया जाएगा।"












Click it and Unblock the Notifications