'मेरे पापा को मार डालेंगे', कैमरे के सामने फूट-फूट कर रोईं RJD कैंडिडेट, शिवानी शुक्ला ने किस पर लगाया आरोप?
Bihar Chunav 2025: बिहार में विधानसभा चुनावों की गर्मी अब चरम पर है और हर सीट पर सियासी मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है। इसी बीच वैशाली जिले की लालगंज सीट से आरजेडी प्रत्याशी शिवानी शुक्ला का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह प्रचार के दौरान फूट-फूटकर रोती दिख रही हैं।
शिवानी का दर्द सिर्फ चुनावी नहीं, बल्कि पारिवारिक भी है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके पिता और पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला को लालगंज जेल से भागलपुर जेल में शिफ्ट करना किसी बड़ी साजिश का हिस्सा है। शिवानी का दावा है कि उनके पिता की जान को खतरा है और अगर उन्हें कुछ हुआ तो वह सरकार को छोड़ेंगी नहीं।

भागलपुर जेल शिफ्ट किए जा रहे मुन्ना शुक्ला
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, लालगंज जेल में बंद पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला को भागलपुर जेल भेजा जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि उन पर आरोप है कि वे जेल से फोन पर बातचीत कर रहे थे और चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे थे। इसी कारण उन्हें दूसरी जेल में शिफ्ट करने का फैसला लिया गया है।
ये भी पढ़ें: Bihar Chunav: तेजस्वी यादव चुनावी रैली में बोले- हमारी सरकार बनी तो वक्फ कानून को कूड़ेदान में फेंक देंगे
बिहार तक से बात करते हुए शिवानी शुक्ला ने कहा कि यह फैसला राजनीतिक दबाव में लिया गया है। उन्होंने कहा, "मेरे पापा किसी से बात तक नहीं कर पा रहे हैं, फिर भी उन्हें भागलपुर भेज दिया गया। यह सीधी साजिश है। अगर मेरे पापा को एक भी खरोंच आई तो मैं सरकार को छोड़ूंगी नहीं। मैं वकील हूं, अपने हक जानती हूं।"
मीडिया से बातचीत में शिवानी ने भावुक होकर कहा कि विपक्ष उनकी बढ़ती लोकप्रियता से डर गया है। उन्होंने कहा, "ये लोग डर गए हैं। मेरे पापा से इतना क्यों डर रहे हैं? ये टॉर्चर करने का तरीका है। अगर सरकार को भरोसा होता तो उन्हें जेल से न हटाया जाता।"
लालगंज में सीधी टक्कर
लालगंज विधानसभा सीट पर शिवानी शुक्ला की सीधी टक्कर बीजेपी विधायक संजय कुमार सिंह से है। चुनाव नजदीक आते ही दोनों उम्मीदवारों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। शिवानी का कहना है कि विपक्ष काम न करने के डर से झूठ फैला रहा है, जबकि वो जनता के मुद्दों को लेकर मैदान में हैं।
अब देखना यह होगा कि शिवानी शुक्ला के आरोपों और भावनात्मक अपील का चुनावी माहौल पर कितना असर पड़ता है। फिलहाल लालगंज की यह लड़ाई सिर्फ वोटों की नहीं, बल्कि भरोसे और भावनाओं की भी बन गई है।
ये भी पढ़ें: Bihar Election 2025: चुनाव से पहले BJP ने बागियों पर कसा शिकंजा, 4 नेताओं को पार्टी से दिखाया बाहर का रास्ता












Click it and Unblock the Notifications