Bihar Chunav 2025: बिहार के कुसम्ही गांव में सिर्फ 3 लोगों ने डाला वोट? आखिर क्यों थमी यहां लोकतंत्र की रफ्तार
Bihar Chunav 2025 Phase 1: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में जहां पूरे राज्य में वोटिंग को लेकर उत्साह देखा जा रहा है, वहीं भोजपुर जिले के अगिआंव विधानसभा क्षेत्र के कुसम्ही गांव में एक अलग ही नजारा देखने को मिला।
यहां के ग्रामीणों ने वोटिंग का बहिष्कार किया। 6 नवंबर को दोपहर 2 बजे तक सिर्फ तीन लोगों ने ही गांव में वोट किया। गांव वालों ने "रोड नहीं तो वोट नहीं" का नारा लगाते हुए मतदान का बहिष्कार कर दिया। दोपहर 2 बजे तक यहां के 900 मतदाताओं में से केवल 3 लोगों ने ही वोट डाला।

900 मतदाताओं में केवल तीन ने डाला वोट
दैनिक भास्कर के मुताबिक चरपोखरी प्रखंड के तहत आने वाले कुसम्ही गांव के मतदान केंद्र संख्या 175 पर सन्नाटा पसरा रहा। ग्रामीणों का कहना है कि सालों से सड़क निर्माण का वादा सिर्फ कागजों पर होता रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई काम नहीं हुआ। नाराज ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी थी कि जब तक सड़क नहीं बनेगी, तब तक गांव से कोई वोट नहीं डालेगा।
अधिकारियों ने मनाने की कोशिश की, लेकिन नहीं माने गांवे वाले
मतदान बहिष्कार की सूचना मिलने के बाद पीरों एसडीओ कृष्णकांत उपाध्याय खुद मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को मतदान के लिए मनाने की कोशिश की। उन्होंने समझाया कि मतदान ही अपनी समस्याओं का समाधान लाने का तरीका है, लेकिन लोगों ने अपनी मांग पर अड़े रहते हुए वोट डालने से साफ इनकार कर दिया।
"रोड नहीं तो वोट नहीं" बना जनता का नारा
गांव के निवासियों के मुताबिक, "हम लोग कई सालों से सड़क की मांग कर रहे हैं, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। अब जब तक सड़क नहीं बनेगी, वोट भी नहीं देंगे।" ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने पहले ही चरपोखरी बीडीओ को इस फैसले की जानकारी दी थी, लेकिन फिर भी प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती
प्रेसाइडिंग ऑफिसर डॉ. रमेश प्रसाद के मुताबिक, दोपहर दो बजे तक केवल तीन वोट डाले गए थे। अब तक कोई नई प्रगति नहीं हुई है। प्रशासन के लिए यह मामला सिर्फ एक गांव का नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और विकास वादों की सच्चाई का भी सवाल बन गया है।
कुसम्ही गांव का यह विरोध इस बात का प्रतीक है कि बिहार चुनाव में अब लोग सिर्फ वोट नहीं दे रहे, बल्कि विकास के बदले जवाब भी मांग रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications