Bihar Chunav 2025: नीतीश की वापसी? तेजस्वी बोले- अब ऐसा हो ही नहीं सकता, सीट शेयरिंग पर भी बोले खुलकर
Bihar Election 2025: (Tejashwi Yadav vs Nitish Kumar): बिहार चुनाव 2025 से पहले नीतीश कुमार को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि चुनाव के नतीजों के आधार पर नीतीश कुमार फिर से पाला बदल सकते हैं। इन अटकलों पर अब खुद आरजेडी नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने विराम लगा दिया है।
तेजस्वी यादव ने बेहद सख्त लहजे में कहा है कि 'अब कोई चांस नहीं है! नीतीश कुमार जी अब महागठबंधन या हमारी पार्टी RJD के साथ नहीं आ सकते हैं।' तेजस्वी यादव ने साफ तौर पर कहा कि अब उनकी 'घर वापसी' नहीं होगी। नीतीश अब सिर्फ एक 'बोझ' बनकर रह गए हैं।

"एक बार माफ किया, दूसरी बार नहीं" - तेजस्वी यादव का दो टूक
तेजस्वी यादव ने ANI को दिए एक इंटरव्यू में नीतीश कुमार के 'घर वापसी' को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, "कभी-कभी एक गलती माफ की जा सकती है, लेकिन बार-बार वही गलती करना माफी के लायक नहीं है। अब नीतीश कुमार चाहे जहां जाएं, वो सिर्फ एक 'बोझ' हैं।"
तेजस्वी का ये बयान तब आया जब नीतीश कुमार ने कहा था कि आज भी अगर वे चाहें, तो लालू यादव उन्हें महागठबंधन में वापस ले लेंगे। तेजस्वी ने उसी पर पलटवार करते हुए संकेत दे दिया कि नीतीश युग अब खत्म हो चुका है -कम से कम RJD के नजरिए से।
तेजस्वी याजव ने कहा,
''लालू यादव मेरे पिता हैं, मैं उनको जानता हूं...मैं भरोसे के साथ कह रहा हूं कि अब नीतीश कुमार हमारे साथ कभी नहीं आ सकते हैं, उनको कोई मौका नहीं मिलेगा। किसी से एक गलती होने के बाद उसे माफ कर देना ठीक है। लेकिन अब उन्होंने वही गलती दो बार की है।''
राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक तेजस्वी यादव की स्पष्टता यह बताती है कि अब RJD नीतीश कुमार को कोई राजनीतिक 'फैक्टर' नहीं मानती। 2017 और 2022 में जो "आना-जाना" हुआ, उसने RJD को सबक सिखा दिया है। पार्टी अब अपने दम पर आगे बढ़ने को तैयार है और नीतीश कुमार को 'विश्वसनीय' पार्टनर नहीं मानती है।
महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर क्या बोले तेजस्वी यादव?
जब तेजस्वी से पूछा गया कि क्या आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर महागठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर विवाद चल रहा है, तो उन्होंने इसे एक "आंतरिक मामला" बताया और साथ ही NDA पर भी निशाना साधा।
उन्होंने कहा, ''यह गठबंधन का आंतरिक मामला है... यह अच्छी बात है कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी बिहार चुनाव में सक्रिय रूप से प्रचार कर रहे हैं। वह विपक्ष के नेता हैं। यहां तक कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी प्रचार करने आते हैं... देखिए जीतन राम मांझी ने चिराग पासवान के बारे में क्या कहा। या इसके विपरीत। उपेंद्र कुशवाहा ने क्या कहा? हमें नहीं लगता कि उनके बीच सब ठीक है। हमारे साथ भी ऐसा नहीं है।"
तेजस्वी यादव ने कहा कि चाहे सीएम फेस की बात हो या फिर सीट शेयरिंग को लेकर महागठबंधन में हर मुद्दे का फैसला असानी से हो जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications