Bihar Chunav: वोटर लिस्ट से हजारों नाम गायब! जमुई में राहुल गांधी ने EC पर फोड़ा 'हाइड्रोजन बम', क्या है मामला
Bihar Chunav 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 (Bihar Assembly Election 2025) के पहले चरण के मतदान से ठीक एक दिन पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने फिर से "वोट चोरी" का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जैसे हरियाणा में वोटों की हेराफेरी हुई, वैसे ही बिहार में भी मतदाता सूची से लोगों के नाम जानबूझकर हटाए जा रहे हैं।
राहुल गांधी ने बिहार के जमुई जिले के धरमपुर गांव (इस्लामनगर ब्लॉक) के पांच लोगों को मंच पर बुलाकर उनकी आपबीती जनता के सामने रखी। बता दें कि, बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का मतदान 6 नवंबर (कल) को होना है। वहीं, राहुल गांधी के इस आरोप के बाद अब चुनावी माहौल और भी गरमाता नजर आ रहा है।

राहुल गांधी ने क्या कहा?
राहुल गांधी ने कहा कि देशभर में मतदाता सूची में गड़बड़ी हो रही है। हरियाणा का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा हर 8 वोटर में से 1 फेक है। हरियाणा में करीब 25 लाख वोट चोरी हुए हैं। एक युवती ने तो नाम बदल-बदलकर 22 वोट डाले - कभी सीमा, कभी स्वीटी, कभी सरस्वती बनकर। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव के बाद भी वे ऐसी ही "वोट चोरी" की घटनाओं को उजागर करेंगे और यह साबित करेंगे कि लोकतंत्र के साथ बड़ा खिलवाड़ हो रहा है।
"पूरा परिवार वोटर लिस्ट से हटा दिया गया"
राहुल गांधी ने अपने मंच पर जमुई जिले के धरमपुर गांव के पांच लोगों को बुलाया। इनमें दिलीप यादव, रवि कुमार, क्यूम अंसारी, सुनीता देवी और बंटी कुमार शामिल थे। दिलीप यादव, जो विकलांग हैं और चल नहीं सकते, ने कहा , "सरकार ने मेरे साथ जो किया, वो बताने लायक नहीं है। मेरे पूरे परिवार का नाम वोटर लिस्ट से हटा दिया गया है। कारण बताया गया है कि हम 'अनुपस्थित' थे। लेकिन मैं विकलांग हूं, चल नहीं सकता, तो अनुपस्थित कैसे हुआ?"
एक अन्य निवासी रवि ने बताया कि उनके गांव में 187 लोगों के नाम काटे गए हैं और 325 नए वोटर जोड़े गए हैं। उन्होंने इसे "राजनीतिक साजिश" बताया। राहुल गांधी के मंच पर इस दौरान स्क्रीन पर सुनीता देवी और बंटी कुमार के नाम भी दिखाए गए, जिनका नाम इस बार वोटर लिस्ट से हटा दिया गया है।
राहुल गांधी का केंद्र और चुनाव आयोग पर निशाना
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि यह सब योजनाबद्ध तरीके से किया जा रहा है ताकि विपक्षी दलों के समर्थकों को वोट डालने से रोका जा सके। उन्होंने कहा "वोट चोरी लोकतंत्र पर हमला है। मैं बिहार के लोगों से वादा करता हूं कि इस मुद्दे को चुनाव के बाद भी उठाऊंगा और हर उस परिवार की कहानी बताऊंगा जिसका नाम वोटर लिस्ट से हटाया गया है।"
क्या कह रहा है चुनाव आयोग?
इस पूरे मामले पर निर्वाचन आयोग की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन आयोग लगातार यह दावा करता रहा है कि मतदाता सूची को पारदर्शी और अद्यतन रखने के लिए सभी जिलों में सत्यापन प्रक्रिया चलाई जा रही है। बिहार चुनाव 2025 से पहले राहुल गांधी ने "वोट चोरी" का मुद्दा उठाकर एक बार फिर सियासी बहस को तेज कर दिया है। जमुई की यह घटना अब राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में है, और देखना होगा कि आयोग या सत्ता पक्ष इस पर क्या प्रतिक्रिया देता है।












Click it and Unblock the Notifications