'2020 वाली गलती दोहराऊंगा नहीं', 243 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने की बात पर चिराग पासवान का बड़ा खुलासा
Chirag Paswan (Bihar Chunav 2025): लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है। उन्होंने साफ-साफ कहा है कि इस बार 2020 जैसा 'अकेला रास्ता' नहीं अपनाएंगे। LJP (RV) पूरी तरह से एनडीए गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी और सभी 243 सीटों पर गठबंधन उम्मीदवारों की जीत के लिए जी-जान लगाएगी।
वर्ल्ड फूड इंडिया 2025 के कर्टेन रेजर इवेंट के दौरान मीडिया से बातचीत में चिराग ने कहा, "मैं पहले भी कह चुका हूं, आज दोबारा दोहरा रहा हूं-243 सीटों पर चुनाव लड़ने का मतलब ये है कि हम एनडीए के हर उम्मीदवार को अपना उम्मीदवार मानते हैं। अगर आप उन्हें अपना नहीं मानेंगे, तो लक्ष्य हासिल नहीं कर सकते।" चिराग पासवान ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं कहा है कि वो अकेले सभी सीटों पर उम्मीदवार उतारेंगे, उन्होंने हमेशा NDA के साथ लड़ने की बात कही है।

चिराग बोले- 'मैं 2020 वाली गलती दोहराऊंगा नहीं'
उन्होंने आगे कहा, "अगर किसी को लग रहा है कि मैं फिर से 2020 वाला रोल निभाऊंगा, तो उन्हें निराशा होगी। इस बार एनडीए एकजुट है और हम 225 से ज्यादा सीटें जीतने के लक्ष्य से काम कर रहे हैं।"
गौरतलब है कि 2020 के विधानसभा चुनाव में चिराग पासवान ने अकेले लड़कर JDU उम्मीदवारों को जबरदस्त टक्कर दी थी, जिससे नीतीश कुमार की पार्टी को भारी नुकसान हुआ था।
'तेजस्वी, प्रशांत या राहुल नहीं, मेरी लड़ाई विचारों से है'
जब चिराग से पूछा गया कि उनका सबसे बड़ा राजनीतिक प्रतिद्वंदी कौन है - तेजस्वी यादव, प्रशांत किशोर या राहुल गांधी?
तो उन्होंने शांत स्वर में कहा, "मेरी राजनीति कभी भी व्यक्तिगत नहीं रही। मेरे शब्दों की मर्यादा मुझे व्यक्तिगत टिप्पणियों से रोकती है। मेरा संघर्ष नीतियों और विचारों को लेकर है।"
उन्होंने तेजस्वी यादव को सीधे सवाल किया, "तेजस्वी जी, आपका विजन क्या है? NDA के पास एजेंडा है, मैं अपना विजन लेकर जनता के बीच हूं। RJD, कांग्रेस का विजन क्या है?"
'प्रशांत किशोर मेरे विजन को हाइजैक नहीं कर सकते'
जब उनसे पूछा गया कि क्या जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर उनके "बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट" के नारे को 'हाइजैक' कर रहे हैं, तो चिराग ने कहा, "कोई भी किसी और के विजन को चुरा नहीं सकता। हां, प्रशांत जी बिहार की राजनीति में ईमानदारी से प्रयास कर रहे हैं, मैं उसका स्वागत करता हूं। जो भी जाति और संप्रदाय की राजनीति से ऊपर उठकर काम करता है, वो सराहनीय है।"
'SIR पर विपक्ष का दोहरा रवैया'
बिहार में चल रही विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) पर संसद में जारी गतिरोध को लेकर चिराग ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, "यह चुनाव आयोग का विषय है, न कि सरकार का। संसद को ऐसे मुद्दों पर बंधक बनाना गलत है। कौन जवाब देगा? राहुल गांधी जवाब देंगे? क्या चुनाव आयोग सदन में आकर जवाब देगा?"
उन्होंने आगे कहा, "मृत लोगों के नाम, घुसपैठियों के नाम वोटर लिस्ट में हैं, उसे सुधारना जरूरी है। विपक्ष ने पहले शिकायत की और अब सुधार पर भी शोर मचा रहे हैं। यह दोहरा रवैया है।"
'ऑपरेशन सिंदूर और ट्रंप की बातों पर सिर्फ शोर'
ऑपरेशन सिंदूर और डोनाल्ड ट्रंप के दावे पर विपक्ष के हंगामे पर चिराग ने तंज कसते हुए कहा, "उन्हें सिर्फ हंगामा करना है। दूसरे देश के राष्ट्रपति की बातों पर संसद चलाना क्या ठीक है?"
बिहार चुनाव की तस्वीर साफ
2025 के अंत तक होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए बनाम महागठबंधन का सीधा मुकाबला तय माना जा रहा है। लेकिन चिराग पासवान की भूमिका इस बार निर्णायक हो सकती है -और उनका साफ संकेत है कि वह इस बार बगावत नहीं, समर्पण के साथ NDA के लिए मैदान में उतरेंगे।












Click it and Unblock the Notifications