बिहार: कैबिनेट विस्तार से नाराज JDU विधायक ने दी इस्तीफे की धमकी, कहा- मर्डर करवा देती हैं मंत्री लेशी सिंह
पटना, 17 अगस्त: बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले महागठबंधन की सरकार के कैबिनेट विस्तार के बाद जेडीयू में लगातार नाराजगी देखने को मिल रही है। मंत्रिमंडल विस्तार से जेडीयू के कुछ विधायक नाराज चल रहे हैं। इनकी नाराजगी बुधवार को खुलकर सामने भी आ गई। जेडीयू की रुपौली से विधायक और पूर्व मंत्री बीमा भारती ने पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

Recommended Video
जदयू विधायक बीमा भारती ने चेतावनी दी है कि अगर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नेता लेशी सिंह को कैबिनेट से नहीं हटाया तो वह इस्तीफा दे देंगी। सिंह को कल तीसरी बार मंत्री के रूप में कैबिनेट में शामिल किया गया था। उन्हें बिहार कैबिनेट में खाद्य और उपभोक्ता संरक्षण मंत्री बनाया गया है। बीमा भारती कैबिनेट के लिए नहीं चुने जाने से खफा हैं।
बीमा भारती का आरोप है कि लेशी सिंह ने उनकी बेटी को चुनाव हरवाया है। लेशी पर गंभीर आरोप लगाते हुए बीमा भारती ने कहा है कि जो उनके विरोध में बोलता है, उसका तो मर्डर करवा देती हैं। लेशी सिंह के अलावा नीतीश की पार्टी के कई अन्य विधायक भी खफा बताए जा रहे हैं। परबत्ता विधायक डॉ. संजीव कुमार, विधायक पंकज कुमार मिश्रा, बरबीघा विधायक सुदर्शन कुमार और मटिहानी विधायक राजकुमार सिंह और केसरिया विधायक शालिनी मिश्रा नाराज हैं।
सूत्रों का कहना है कि राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में भी ये विधायक शामिल नहीं हुए। ये सभी विधायक भूमिहार जाति से बताए जा रहे हैं। विधायक संजीव कुमार ने हालांकि मंगलवार को अपने फेसबुक पोस्ट पर एक तस्वीर पोस्ट कर लिखा, 'तुम से पहले वो जो इक शख्स यहां तख्त-नशीं था, उस को भी अपने खुदा होने पे, इतना ही यकीं था।' इस तस्वीर में नाराज चार विधायक बैठे दिखाई दे रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications