Bihar news: लोकसभा चुनाव से पहले नीतीश सरकार ने चला बड़ा दांव, गरीब परिवारों को मिलेंगे 2-2 लाख
Bihar news: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोकसभा चुनावों से पहले एक बड़ा दांव चला है। नीतीशऔर तेजस्वी की सरकार की गठबंधन सरकार ने मंगलवार को बिहार के करीब 94 लाख परिवारों को 2-2 लाख रुपये देने का ऐलान किया है।
जाति जनगणना के आंकड़े सामने आने के बाद बिहार सरकार ने गरीब परिवारों को रोजगार के लिए दो-दो लाख रुपए देने की घोषणा की है। ये राशि तीन किश्तों में लाभार्थियों को दी जाएगी। बिहार मंत्रिमंडल ने इसकी मंजूरी दे दी।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में 18 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बिहार सरकार ने बिहार लघु उद्यमी योजना के तहत 94 लाख 33 हजार 312 गरीब परिवारों को चिन्हित किया है। इन परिवारों के एक सदस्य को सरकार सहायता के तौर पर 2-2 लाख की राशि दी जाएगी।
यह सभी वर्गों के लोगों अर्थात सामान्य वर्ग, पिछड़ा वर्ग, अत्यंत पिछड़ा वर्ग, एससी व एसटी वर्ग के लोगों को दिया जाएगा। कैबिनेट विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ ने बताया कि जाति आधारित गणना के अनुसार राज्य में गरीब परिवारों की संख्या 94,33,312 है। जिन्हें यह मदद दी जाएगी।
सरकार की ओर से दी जाने वाली इन तीन किश्तों के तहत पहले साल 25 फीसदी, दूसरे साल 50 फीसदी और तीसरे साल 25 फीसदी राशि देय होगी। यह योजना पांच वर्षों के लिए लागू की गयी है। वर्ष 2023-24 में 250 करोड़, वर्ष 2024-25 में सांकेतिक रूप से 1000 करोड़ रुपए, कुल 1250 करोड़ की राशि पर प्रशासनिक स्वीकृति दी गयी है।
इसके तहत 62 उद्योगों के लिए सहायता दी जाएगी। योजना के कार्यान्वयन व मानिटरिंग के लिए उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में छह सदस्ययों की कमेटी बनाई गयी है।
इन लोगों को मिलेगा योजना का लाभ:
इस योजना के लिए 18 से 50 वर्ष के केवल बिहार के निवासी पात्र होंगे।
लाभुकों की पारिवारिक आय 6 हजार रुपए मासिक से अधिक नहीं होनी चाहिए।
योजना के लिए प्रत्येक वर्ष ऑनलाइन आवेदन मांगे जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications